Sehore News: सीहोर। जीवनदायिनी सीवन नदी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए जारी जन अभियान लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। इसी कड़ी में आज सीवन अभियान का 73वां दिवस सीवन संकल्प के रूप में मनाया जा रहा है। शहर के विभिन्न वार्डों और सार्वजनिक स्थानों पर जाकर नागरिकों को सीवन संकल्प दिलाया जाएगा। इस संकल्प के तहत सीहोरवासी सीवन नदी को साफ सुथरा रखने का प्रण लेंगे।
अभियान के तहत संकल्प दिलाया जाएगा कि नागरिक जन्म देने वाली मां के समान ही जीवन देने वाली सीवन नदी का पूरा ध्यान रखेंगे। वे प्रतिज्ञा करेंगे कि न तो खुद कभी नदी में कचरा और गंदगी डालेंगे और न ही किसी दूसरे को ऐसा करने देंगे।
4218 लोग जुड़ चुके, अगला लक्ष्य 10 हजार का
सीवन पुत्र प्रदीप चावड़ा ने अभियान की सफलता की जानकारी देते हुए बताया कि अब तक शहर के 4218 नागरिक सीवन पुत्र और सीवन पुत्री बनकर इस मुहिम का हिस्सा बन चुके हैं। टीम अब तेजी से अपने 5000 सदस्यों के शुरुआती लक्ष्य की ओर बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि जैसे ही 5000 का आंकड़ा पूरा होगा, अगला बड़ा लक्ष्य 10000 नागरिकों को जोडऩे का रखा जाएगा।
बदली सीवन की दशा, संवेदनशील बने लोग
अभियान से जुड़े सदस्यों का कहना है कि इतने बड़े पैमाने पर लोगों के सीवन पुत्र-पुत्री बनने के बाद से नदी की दशा में बड़ा सुधार आया है। लोग अब नदी के अस्तित्व और उसकी स्वच्छता के प्रति पहले से कहीं अधिक संवेदनशील और जागरूक बने हैं।
संकल्प लेने की अपील
सीवन नदी को पूरी तरह प्रदूषण मुक्त बनाने और आज रविवार को आयोजित सीवन संकल्प कार्यक्रम में बढ़-चढक़र हिस्सा लेने के लिए अभियान के प्रमुख सदस्यों ने जनता से विशेष आग्रह किया है। अपील करने वालों में मुख्य रूप से मुकेश राय, जगदीश वर्मा, कैलाश चौहान, प्रकाश यादव, राजकुमार सोनी, वैभव राठौर, कनीराम मालवीय, सुरेश भगत, अशोक नामदेव, मांगीलाल प्रजापति, दीपक राठौड़, योगेंद्र राय, लक्ष्मण सिंह चौकसे, प्रदीप चावड़ा, अथर्व चावड़ा, रवि माहेश्वरी, देवेश सिसोदिया, लोकेश सोनी, राजू खत्री और अशोक खत्री सहित अनेक पर्यावरण प्रेमी शामिल हैं।


