Sehore News: सीहोर। सीबीएसई 12वीं की परीक्षा में सीहोर नगर की प्रतिभाशाली बेटी महक कौशल ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। महक की इस बड़ी उपलब्धि से पूरे नगर में हर्ष और गौरव का माहौल है। इस शानदार सफलता पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने राजू कौशल (राजू रतलामी) के निवास स्थान पहुंचकर बिटिया महक कौशल को पुष्पगुच्छ भेंट किया और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने महक को उसके स्वर्णिम और उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं दीं।
महक कौशल की इस शानदार उपलब्धि को पूरे सीहोर नगर के लिए गौरव का विषय बताते हुए नगरपालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि आज हमारी बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। वे हर जगह अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और समाज को एक नई दिशा देने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महक ने अपनी कड़ी मेहनतए कड़े अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह साबित कर दिया है कि यदि आपका लक्ष्य स्पष्ट हो तो सफलता निश्चित रूप से कदम चूमती है।
शिक्षा ही राष्ट्र निर्माण का सबसे मजबूत आधार
नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा ही राष्ट्र निर्माण का सबसे मजबूत स्तंभ है। युवा पीढ़ी की सफलता से ही हमारे देश और समाज का भविष्य सुरक्षित और समृद्ध होता है। उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि सीहोर नगर की बेटियां लगातार शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर रही हैं, जो आने वाली पीढ़ी के लिए एक महान प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने आगे कहा कि हमारी भारतीय संस्कृति में हमेशा से ज्ञान और शिक्षा को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। आज के युवाओं को शिक्षा के माध्यम से समाज और राष्ट्र की प्रगति में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। महक की यह सफलता केवल एक परिवार की उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह पूरे सीहोर नगर के लिए बड़े गर्व और सम्मान की बात है।
सफलता के पीछे माता-पिता के संस्कार और त्याग
इस अवसर पर नपाध्यक्ष ने महक कौशल के माता-पिता और पूरे परिवार को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे की सफलता के पीछे उसके परिवार का त्याग, अच्छे संस्कार और लगातार मिलने वाला मार्गदर्शन सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि महक भविष्य में भी इसी तरह सफलता के नए आयाम स्थापित करेगी और अपने परिवार, समाज व सीहोर नगर का नाम पूरे प्रदेश और देश में रोशन करेगी। इस दौरान परिवार के सदस्यों, शुभचिंतकों और नगर के गणमान्य नागरिकों ने भी महक कौशल के निवास पर पहुंचकर उसे बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


