Sehore News: सीहोर। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत का उत्साह सीहोर में भी जमकर देखने को मिला। इस ऐतिहासिक सफलता पर खुशी जताते हुए पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा ने इसे राष्ट्रवाद की बड़ी जीत बताया है। अरोरा ने कहा कि बंगाल के परिणामों ने स्पष्ट कर दिया है कि देश की जनता का भरोसा सिर्फ और सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर है।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जसपाल सिंह अरोरा ने कहा कि बंगाल में चार दशक बाद लहराया भगवा इस बात का प्रतीक है कि अब देश में तुष्टीकरण की राजनीति के लिए कोई जगह नहीं बची है। उन्होंने कहा बंगाल का रण जीतना भारतीय राजनीति के लिए एक निर्णायक मोड़ है। यह जीत उन लाखों निस्वार्थ कार्यकर्ताओं के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी बंगाल की धरती पर राष्ट्रवाद का झंडा थामे रखा।
चाणक्य नीति और मोदी नेतृत्व का कमाल
अरोरा ने जीत का पूरा श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करिश्माई नेतृत्व और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की चाणक्य नीति को दिया। उन्होंने कहा कि जिस तरह से भाजपा ने बंगाल के कोने-कोने में अपनी पैठ बनाई, उसी का परिणाम है कि आज वहां भाजपा का शासन स्थापित हुआ है।
झालमुढ़ी बांटकर चखा जीत का स्वाद
जसपाल सिंह अरोरा के साथ कार्यकर्ताओं ने इस जीत को बेहद अनूठे अंदाज में मनाया। बंगाल की संस्कृति का सम्मान करते हुए जश्न के दौरान लोगों को वहां का प्रसिद्ध व्यंजन झालमुढ़ी बांटा गया। अरोरा ने कहा कि जीत बड़ी है, इसलिए इसका स्वाद भी कुछ अलग और खास होना चाहिए।


