Sehore News: सीहोर। भीषण गर्मी के बीच शहर में पेयजल संकट के हालात बनने लगे हैं। आलम यह है कि 30 दिन के महीने में शहरवासियों को महज 10 दिन ही पानी की सप्लाई मिल पा रही है। हर 3 से 4 दिन के अंतराल में नलों से पानी आने के कारण शहर के सभी 35 वार्डों के नागरिक परेशान हैं। एक तरफ जनता प्यासी है तो दूसरी तरफ अवधपुरी स्थित पानी की टंकी से रोजाना हजारों लीटर पानी बर्बाद होकर सडक़ों पर बह रहा है।
बता दें शहर के 35 वार्डों में इन दिनों जल संकट गहराया हुआ है। लोगों को तीसरे या चौथे दिन पानी मिल रहा है। कम दबाव और कम समय की सप्लाई ने महिलाओं की परेशानी बढ़ा दी है।
गेज होने के बाद भी टंकी ओवरफ्लो
एक तरफ शहर पानी की किल्लत है, वहीं दूसरी तरफ अवधपुरी स्थित पानी की टंकी सरकारी सिस्टम की पोल खोल रही है। आज एक बार फिर अवधपुरी की टंकी ओवरफ्लो हो गई। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह यहां की रोज की कहानी बन चुकी है। पानी ऊपर से गिरता रहता है, जिससे न केवल पानी की बर्बादी हो रही है, बल्कि टंकी के आसपास की सडक़ों पर जलभराव और फिसलन की स्थिति भी पैदा हो गई है।
कर्मचारी तैनात, फिर भी बर्बादी
हैरानी की बात यह है कि टंकी की निगरानी के लिए बाकायदा सुखराम, हनीफ खान और सत्येंद्र जैसे कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही टंकी में गेज (जल स्तर मापने का यंत्र) भी लगा हुआ है, जिससे यह आसानी से पता चल सकता है कि टंकी कब भरने वाली है। इसके बावजूद आए दिन टंकी का ओवरफ्लो होना ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की लापरवाही बता रहा है।


