Sehore: भए प्रगट कृपाला, श्रीराम जन्मोत्सव पर उमड़ा आस्था का सैलाब

23 sehore photo 07

Sehore News: सीहोर। शहर के बस स्टैंड स्थित जयंती कॉलोनी परिसर इन दिनों भक्ति के उल्लास में डूबा हुआ है। श्री हनुमान मंदिर समिति के तत्वाधान में आयोजित 21 कुण्डीय श्रीराम महायज्ञ और प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान गुरुवार को भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव बड़ी ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। जैसे ही कथा पंडाल में भगवान के जन्म का प्रसंग आया, पूरा परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा।
महोत्सव के दौरान यज्ञ संचालक पंडित दुर्गाप्रसाद कटारे ने यज्ञ की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यज्ञ भारतीय संस्कृति का अत्यंत पवित्र अनुष्ठान है। यह न केवल देवताओं को प्रसन्न करता है, बल्कि पर्यावरण शुद्धि और विश्व कल्याण का भी सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि अग्नि में दी जाने वाली आहुतियां मानसिक शांति और आध्यात्मिक उन्नति प्रदान करती हैं।
मर्यादा का पाठ पढ़ाती है राम कथा
राष्ट्रीय राम कथा व्यास मानस कोकिला महंत डॉ. प्रज्ञा भारती ने कथा के दौरान श्रीराम जन्मोत्सव का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि श्रीराम कथा मनुष्य को मर्यादा में रहना सिखाती है। जब राजा दशरथ को संतान सुख नहीं मिला, तब कुलगुरु वशिष्ठ के निर्देश पर श्रृंगी ऋषि ने पुत्र कामेष्टि यज्ञ किया। यज्ञ से प्राप्त खीर के सेवन से ही चारों भाइयों राम, भरत, लक्ष्मण और शत्रुघ्न का जन्म हुआ। डॉ. भारती ने जोर देकर कहा कि भगवान का अवतार असुरों के नाश और धर्म की स्थापना के लिए हुआ था, उनका संपूर्ण जीवन चरित्र हमें आज भी प्रेरणा देता है।
विशिष्ट संतों का हुआ आगमन
महोत्सव में प्रदेश के प्रसिद्ध बोलाई हनुमान मंदिर के महंत सहित कई संतों और विद्वानों का आगमन हुआ। मंदिर समिति के अध्यक्ष रुद्र प्रकाश राठौर, यज्ञ संचालक पंडित दीपक शास्त्री, पंडित अनिल शर्मा और कटारे बाबा ने पुष्पमाला पहनाकर संतों का भव्य स्वागत किया।