Sehore: पत्नी अरुणा संग प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल हुए विधायक सुदेश राय

23 sehore photo 04

Sehore News: सीहोर। कस्बा क्षेत्र के कलार मोहल्ला में आयोजित शिवशक्ति यज्ञ एवं पशुपति नाथ महादेव परिवार प्राण प्रतिष्ठा समारोह का भव्य शुभारंभ गुरुवार को कलश यात्रा के साथ हुआ। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्रीय विधायक सुदेश राय अपनी पत्नी और समाजसेविका श्रीमती अरुणा राय के साथ विशेष रूप से सम्मिलित हुए।
प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के प्रथम दिन पंडित पृथ्वी वल्लभ दुबे के सान्निध्य में विधि-विधान से मंत्रोच्चारण के साथ पूजन शुरू हुआ। विधायक सुदेश राय और अरुणा राय ने कलश यात्रा का स्वागत किया और इसके बाद आयोजित प्रायश्चित पूजन, पंचांग पूजन एवं मंडप प्रवेश जैसे अनुष्ठानों में हिस्सा लिया। विधायक दंपति ने भगवान श्री गणेश का पूजन किया और प्रतिमाओं के धान्याधिवास कार्यक्रम में शामिल होकर धर्म लाभ अर्जित किया।
सभी के कल्याण की कामना
इस अवसर पर विधायक सुदेश राय और अरुणा राय ने भगवान पशुपतिनाथ महादेव से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और समस्त नागरिकों के कल्याण की प्रार्थना की। विधायक राय ने कहा कि धार्मिक आयोजन मन को शांति प्रदान करते हैं और समाज में समरसता का भाव जगाते हैं।
कल होगा जलाधिवास और आरती
महिला मंडल समिति एवं सनातनी धर्मप्रेमी बंधुओं द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के अगले चरण में शुक्रवार को विशेष अनुष्ठान होंगे। समिति के अनुसार शुक्रवार को मंडल देवता आवाहन, अग्नि स्थापन और हवन प्रारंभ किया जाएगा। साथ ही प्रतिमाओं का जलाधिवास होगा और शाम 6 बजे भव्य आरती का आयोजन किया जाएगा।