Sehore: विधायक राय की नाराजगी के बाद एक्शन में जपं. सीहोर

29

Sehore News: सीहोर। जिले की ग्राम पंचायतों में स्वच्छता को लेकर लापरवाही बरतने वाले सचिवों और प्रभारियों पर अब गाज गिरने वाली है। जनपद पंचायत सीहोर ने सख्त रुख अपनाते हुए आदेश जारी किया है कि यदि आगामी सात दिनों के भीतर मुख्य मार्गों के किनारे लगे कचरे और घूरे (कूढ़े के ढेर) नहीं हटाए गए तो संबंधित सचिवों और सीएफटी प्रभारियों का अप्रैल माह का वेतन रोक दिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार विधायक सुदेश राय ने क्षेत्र के भ्रमण के दौरान पाया कि ग्राम पंचायतों में प्रवेश करते ही मुख्य सडक़ों के दोनों किनारों पर कचरे और घूरे के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए हैं। पूर्व में भी विधायक द्वारा इस समस्या को लेकर निर्देश दिए गए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर पंचायतों ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। बार-बार दी गई हिदायतों के बाद भी स्थिति जस की तस पाकर विधायक ने इस पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की है।
18 दिन का महा अभियान
विधायक सुदेश राय के कड़े रुख को देखते हुए जनपद पंचायत ने 18 दिवसीय विशेष सफाई अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत सभी मुख्य मार्गों के किनारों से स्थायी और अस्थायी घूरे पूरी तरह हटाए जाएंगे। सीएफटी प्रभारियों को प्रतिदिन की रिपोर्ट देनी होगी कि कितनी पंचायतों में सफाई हुई। कार्रवाई की पारदर्शिता के लिए कचरा हटाते समय के फोटो और वीडियो विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप पर साझा करने होंगे।
वेतन रोकने की अंतिम चेतावनी
जनपद पंचायत द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि यह लापरवाह कर्मचारियों के लिए अंतिम चेतावनी है। पत्र में उल्लेख है कि यदि अगले 7 दिनों में संतोषजनक कार्य नहीं दिखा तो अप्रैल का वेतन आहरित नहीं किया जाएगा। इसकी पूरी जवाबदेही सचिवों और प्रभारियों की होगी।
गंदगी बर्दाश्त नहीं होगी
जनप पंचायत सीईओ ने स्पष्ट कर दिया है कि ग्राम पंचायतों में मुख्य मार्गों पर गंदगी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूर्व में भी कई बार निर्देशित किया गया था, लेकिन अब विधायक महोदय की नाराजगी और स्वच्छता मानकों को देखते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही बरतने वालों का वेतन रोका जाएगा।