अवैध गोवंश और लकड़ी से भरा वाहन पकड़ा, बड़वानी के दो आरोपी गिरफ्तार

21 sehore photo 10

Sehore News: सीहोर। पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सिद्धिकगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने देर रात घेराबंदी कर एक लोडिंग वाहन को पकड़ा है, जिसमें क्रूरतापूर्वक गोवंश और अवैध लकड़ी का परिवहन किया जा रहा था। मामले में बड़वानी जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन को जब्त कर लिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 20 अप्रैल की रात सिद्धिकगंज पुलिस को सूचना मिली थी कि एक वाहन में अवैध रूप से गोवंश ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक दीपक शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत और एसडीओपी आष्टा दामोदर गुप्ता के निर्देशन में थाना प्रभारी राजूसिंह बघेल ने टीम गठित की। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ग्राम धूराड़ा कला बस स्टैंड पर घेराबंदी की।
पन्नी से ढके वाहन में मिला अवैध सामान
पुलिस ने जब संदिग्ध सफेद रंग के लोडिंग वाहन को रोका तो वह पीछे से पन्नी से ढका हुआ था। तलाशी लेने पर पुलिस दंग रह गई। वाहन के अंदर तीन नग बैल बेहद क्रूरता के साथ ठूंस-ठूंस कर भरे गए थे साथ ही बड़ी मात्रा में अवैध लकड़ी भी लदी हुई थी।
बड़वानी के रहने वाले हैं आरोपी
वाहन में सवार दो व्यक्तियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने अपना नाम सयदाम पिता सहदरिया जमरे और राकेश बामणिया पिता सपटीया बामनिया बताया। दोनों आरोपी ग्राम वालन, थाना पाटी जिला बड़वानी के निवासी हैं। आरोपियों के पास लकड़ी या पशु परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं थे।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने मौके से गोवंश, अवैध लकड़ी और वाहन को विधिवत जब्त कर लिया है। थाना सिद्धिकगंज में आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज किया गया है। उन पर पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, मप्र गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम और भारतीय वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है।
वाहन राजसात करने की तैयारी
थाना प्रभारी राजूसिंह बघेल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय आष्टा में पेश किया जाएगा। साथ ही अभियोजन अधिकारी से राय लेकर पकड़े गए वाहन को राजसात करने की वैधानिक कार्यवाही भी शुरू कर दी गई है।