आष्टा भाजपा में बड़ा धमाका, कालू भट्ट ने दिया इस्तीफा

12 sehore photo 02

सीहोर। भारतीय जनता पार्टी के गढ़ आष्टा में हडक़ंप मच गया, दरअसल, पार्टी के लिए समर्पित नेता कालू भट्ट ने भाजपा से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी। कालू भट्ट ने प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों के व्यवहार और कार्यकर्ताओं के साथ हो रहे बर्ताव पर गहरा दुख जताते हुए पार्टी छोडऩे का मन बनाया है। वे कल भोपाल में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेवाल से मुलाकात कर अपना औपचारिक इस्तीफा सौंपेंगे। इस बात की जानकारी स्वयं कालू भट्ट ने अपने सोशल अकाउंट पर साझा की है।
कालू भट्ट भाजपा के कोई साधारण कार्यकर्ता नहीं हैं। वे पूर्व पार्षद रहने के साथ-साथ संगठन में दो बार पूर्व जिला उपाध्यक्ष, तीन बार पूर्व जिला महामंत्री और पूर्व जिला संयोजक सांस्कृतिक प्रकोष्ठ जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनकी पत्नी अनीता भट्ट भी वर्तमान में दूसरी बार की भाजपा पार्षद हैं।
अधिकारियों के व्यवहार से हैं आहत
भाजपा नेता कालू भट्ट ने सोशल मीडिया पर शेयर की पोस्ट में लिखा प्रशासनिक व्यवहार को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा मैं भाजपा का एक स्वाभिमानी कार्यकर्ता हूं। वर्तमान में आष्टा विधानसभा में कार्यकर्ताओं के साथ जो व्यवहार सरकारी तंत्र द्वारा किया जा रहा है, उससे मैं और अन्य निष्ठावान कार्यकर्ता काफी दुखी हैं।
कल सौंपेंगे इस्तीफा
कालू भट्ट ने स्पष्ट किया है कि वे कार्यकर्ताओं के सम्मान से समझौता नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की पीड़ा को वे शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाएंगे और कल प्रदेश अध्यक्ष से मिलकर अपना इस्तीफा देंगे।