Sehore News: सीहोर। राष्ट्रीय अस्मिता के प्रतीक तिरंगे के अपमान का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिले के दोराहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सिराड़ी में एक परिवार की शर्मनाक करतूत ने पूरे गांव को आक्रोशित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में तुरंत एक्शन लेते हुए एक ही परिवार के तीन सदस्य पिता, पुत्र और भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सिराड़ी निवासी सलीम और उसके परिवार ने बड़ी लापरवाही दिखाते हुए राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को अपने घर के सामने वाली सडक़ के बीचों-बीच बिछा दिया था। हद तो तब हो गई जब झंडा हवा से उड़े नहीं, इसके लिए आरोपियों ने तिरंगे के चारों कोनों पर पत्थर रख दिए। सडक़ से गुजर रहे ग्रामीणों ने जब राष्ट्रध्वज की यह दुर्दशा देखी तो उनका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया।
थाने पहुंचकर दर्ज कराई आपत्ति
गांव के राहुल दांगी और अन्य ग्रामीणों ने तिरंगे के इस तरह हो रहे अपमान पर तुरंत आपत्ति जताई। ग्रामीणों का कहना था कि तिरंगा देश की शान है और उसे सडक़ पर बिछाना हर भारतीय का अपमान है। बिना देर किए ग्रामीण दोराहा थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना से अवगत कराया।
बाप-बेटे और भाई पर गिरी गाज
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की। मामले में एक ही परिवार के तीन लोगों को मुख्य आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने सलीम (पिता), समीर (बेटा) और जलील (सलीम का भाई) को गिरफ्तार कर लिया है। इन तीनों के खिलाफ राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम 1971 की धारा 2 और 3 के तहत सख्त मामला दर्ज किया गया है।
आरोपी गिरफ्तार
दोराहा थाना प्रभारी राजेश सिन्हा ने बताया कि राष्ट्रीय ध्वज का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके का मुआयना किया और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।


