Sehore: भाजपा पार्षद पति ने स्मार्ट मीटर छीनकर लगाई आग…

10 sehore photo 06

Sehore News: सीहोर। सत्ता का नशा जब सिर चढक़र बोलता है तो कानून की मर्यादाएं बौनी हो जाती हैं। भैरुंदा की सुभाष कॉलोनी में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां एक भाजपा पार्षद पति ने न सिर्फ सरकारी काम को रुकवाया, बल्कि बिजली कर्मचारियों के हाथ से स्मार्ट मीटर छीनकर उन्हें आग के हवाले कर दिया।
मामला गुरुवार दोपहर का है, जब मेसर्स अपरवा कंपनी की टीम शासन के निर्देश पर स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची थी, तभी वार्ड क्रमांक-1 के भाजपा पार्षद पति कैलाश चंद धावरे मौके पर पहुंचे। शिकायती पत्र के अनुसार धावरे ने पहले जनता को मीटर के खिलाफ भडक़ाया और फिर आपा खोते हुए कर्मचारियों से गाली-गलौज शुरू कर दी।
हैरत की बात यह रही कि कर्मचारियों के कब्जे से 15 स्मार्ट मीटर छीन लिए और उन पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर सरेआम माचिस लगा दी। देखते ही देखते सरकारी संपत्ति धू-धू कर जलने लगी। इस कृत्य से विद्युत कंपनी को करीब 1 लाख 12 हजार रुपये का नुकसान पहुंचा है।
टीम को बनाया बंधक
पीडि़त कर्मचारी दानिश फैजान का आरोप है कि पार्षद पति ने उन्हें और उनकी टीम को मौके पर बंधक बना लिया। उन पर दबाव डाला गया कि जितने भी मीटर अब तक लगाए गए हैं, उन्हें तुरंत उखाड़ा जाए। कर्मचारियों ने बताया कि आरोपी का यह व्यवहार नया नहीं है, वह अक्सर सत्ता पक्ष का हवाला देकर काम में अड़ंगे डालता है।
एफआईआर की मांग
घटना के बाद बिजली कंपनी के सहायक प्रबंधक ने कड़ा रुख अपनाया। थाना प्रभारी को दिए आवेदन में आरोपी कैलाश चंद धावरे के खिलाफ राजकीय कार्य में बाधा, सरकारी संपत्ति को नुकसान और मारपीट की संगीन धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग की गई है। पुलिस को साक्ष्य के तौर पर जलते हुए मीटरों की तस्वीरें भी सौंपी गई हैं।
शिकायत मिली है
विद्युत विभाग की शिकायत मिली है। सरकारी संपत्ति के नुकसान का मामला है। जांच की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
घनश्याम दांगी, थाना प्रभारी भैरुंदा