सीहोर। भैरुंदा के जहाजपुरा क्षेत्र में अवैध रेत खनन और परिवहन पर लगाम कसने के लिए खनिज विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। माफियाओं द्वारा रेत के अवैध परिवहन को सुगम बनाने के लिए नदी के बीचों-बीच जो रेत का रास्ता (अस्थायी रोड) तैयार किया गया था, उसे विभाग की टीम ने पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है।
खनिज विभाग को सूचना मिली थी कि जहाजपुरा क्षेत्र में नदी मार्ग पर माफियाओं ने मशीनों की मदद से अवैध रूप से रास्ता बना लिया है, ताकि भारी वाहन आसानी से नदी के भीतर प्रवेश कर सकें और रेत का अवैध उठाव कर सकें। सूचना मिलते ही खनिज विभाग की इंस्पेक्टर खुशबू वर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई और मौके पर दबिश दी गई।
जेसीबी की मदद से तोड़ी गई अवैध रोड
मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि नदी के प्राकृतिक स्वरूप से छेड़छाड़ कर रेत से एक पक्की डगर बना ली गई थी। इंस्पेक्टर खुशबू वर्मा के निर्देशन में विभाग की टीम ने बिना देरी किए इस अवैध रोड को तोडऩे की कार्रवाई शुरू की। जेसीबी की मदद से रेत से बने इस रास्ते को उखाड़ फेंका गया, ताकि वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो सके।
माफियाओं में मचा हडक़ंप
खनिज विभाग की इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध माफियाओं में हडक़ंप मच गया। टीम के पहुंचने की भनक लगते ही अवैध काम में लगे लोग मौके से भाग निकले। जिला खनिज विभाग की इस कार्रवाई ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि अवैध खनन को बढ़ावा देने वाले किसी भी निर्माण को टिकने नहीं दिया जाएगा। नदी के रास्तों को अवरुद्ध करना और अवैध सडक़ें बनाना कानूनन अपराध है। आने वाले दिनों में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


