Sehore: अवैध डीजल का जखीरा पकड़ा, 4 लाख का माल जब्त

30 sehore photo 05

Sehore News: सीहोर। एक ओर जहां आम जनता पेट्रोल पंपों पर कतारों में खड़ी है, वहीं दूसरी ओर कुछ असामाजिक तत्व अवैध तरीके से ईंधन का भंडारण कर कालाबाजारी करने में जुटे हैं। ऐसे ही माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सीहोर जिले की जावर थाना पुलिस ने इंदौर-भोपाल रोड पर एक गोदाम से भारी मात्रा में अवैध डीजल जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला द्वारा जिले में अवैध डीजल के भंडारण और बिक्री पर अंकुश लगाने के सख्त निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत और एसडीओपी आष्टा दामोदर गुप्ता के मार्गदर्शन में जावर थाना प्रभारी हेमंत पांडेय को मुखबिर से सूचना मिली थी।
गोदाम में छापा, 32 ड्रम डीजल बरामद
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी हेमंत पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इंदौर-भोपाल रोड स्थित चद्दर के एक टपरे शेड पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां बने गोदाम से कुल 4825 लीटर अवैध डीजल बरामद हुआ, जिसे 32 छोटे-बड़े ड्रमों में भरकर रखा गया था। जब्त किए गए डीजल की बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई जा रही है।
एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार
पुलिस ने मौके से एक आरोपी दीपसिंह परिहार निवासी जरखी शाजापुर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मामले में संलिप्त दो अन्य आरोपी जुगल जायसवाल और यश जायसवाल निवासी आष्टा फिलहाल फरार हैं, जिनकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
टीम की सराहनीय भूमिका
इस बड़ी सफलता में थाना प्रभारी हेमंत पांडेय के साथ उप निरीक्षक संतोष विश्वकर्मा, प्रधान आरक्षक जस्सुलाल सोलंकी, आरक्षक नरेंद्र, मनोज, जितेंद्र, सुरेंद्र, अमित, कमलेश और सैनिक संतोष पोरवाल, राहुल, यशवंत व गोपाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।