भाजपा के पुराने घरानों के लिए अच्छी खबर…

bjp

सीहोर। भारतीय जनता पार्टी अपने उन पुराने और निष्ठावान परिवारों की सुध लेने जा रही है, जिन्होंने शुरुआती दौर में अभावों के बीच दरी पर बैठकर संगठन को खड़ा किया। पार्टी आगामी 7 से 12 अप्रैल तक पूरे प्रदेश सहित जिले में गांव-बस्ती चलो अभियान चलाने जा रही है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य उन पुराने घरानों को मान-सम्मान देना है, जो वर्तमान की चकाचौंध में कहीं पीछे छूट गए महसूस कर रहे हैं।
पार्टी के स्थापना दिवस 6 अप्रैल के उपलक्ष्य में आयोजित वर्चुअल मीटिंग में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सांसद, विधायक, महापौर और जिला अध्यक्षों को अनिवार्य रूप से मैदान में उतरना होगा। रणनीति के तहत हर विधानसभा के 50 बड़े गांवों का चयन किया गया है। यहां नेता केवल चुनावी भाषण नहीं देंगे, बल्कि उन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के घर जाकर उनका चरण वंदना और सम्मान करेंगे, जिन्होंने जनसंघ के जमाने से पार्टी का झंडा थामे रखा।
सम्मान की राजनीति या जरूरत
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि वर्तमान में कई पुराने कार्यकर्ता खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। हालांकि सवाल यह भी उठ रहा है कि वर्षों बाद दिए जा रहे इस मान-सम्मान की इन परिवारों को अब कितनी जरूरत है, फिर भी भाजपा का मानना है कि पुराने चावल का अनुभव और नए कार्यकर्ताओं का उत्साह मिलकर ही संगठन को अपराजेय बनाएगा।