दिव्यांगों की सेवा ही ईश्वर सेवा: विधायक राय

28 sehore photo 06

सीहोर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निशक्तजनों को दिव्यांग नाम देकर उनका सम्मान बढ़ाया है। दिव्यांगों की सेवा करना ही सच्ची ईश्वर सेवा है और केंद्र व प्रदेश सरकार इनके सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। यह विचार विधायक सुदेश राय ने शनिवार को प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज सभागार में व्यक्त किए।
विधायक राय यहां भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम और वसुंधरा वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित नि:शुल्क सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में विधायक सुदेश राय के साथ अरुणा राय ने भी अपने हाथों से दिव्यांगजनों को उपकरण भेंट कर उनकी सेवा की।
नन्हे कलाकारों ने जीता सबका दिल
कार्यक्रम की शुरुआत माता सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के दौरान वसुंधरा स्पेशल स्कूल के विशेष बच्चों ने आकर्षक नृत्य पेश कर उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। इसी दौरान छात्र सक्षम ने अपने हाथों से बनाया हुआ चित्र विधायक राय को भेंट किया, जिसकी सभी ने सराहना की।
सौ से अधिक उपकरणों का वितरण
विधायक ने कहा कि शारीरिक कमियों को दूर करने और दिव्यांगों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रयास कर रही है। इस पुनीत कार्य में वसुंधरा वेलफेयर फाउंडेशन जैसी संस्थाएं समाज को नई दिशा दे रही हैं। कार्यक्रम के दौरान विधायक सुदेश राय, अरुणा राय और भाजपा मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति ने 100 से अधिक वृद्धजनों और दिव्यांगों को उनकी आवश्यकतानुसार व्हीलचेयर, वॉकर, कान की मशीन, छड़ी और बैसाखी जैसे उपयोगी उपकरण प्रदान किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक वन संरक्षक राजेश शर्मा ने की। इस अवसर पर महेश यादव, डॉ. आशुतोष दीक्षित और भाजपा मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति विशेष रूप से उपस्थित रहे। वसुंधरा वेलफेयर सोसाइटी के संचालक अर्जुन सिंह और शिक्षक स्टाफ ने अतिथियों का स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वृद्धजन, दिव्यांगों के अभिभावक और स्थानीय नागरिक मौजूद थे।