सीहोर। जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याओं को पूरी संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ सुना गया। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने कार्यालय पहुंचने वाले प्रत्येक शिकायतकर्ता से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं की विस्तृत जानकारी ली।
इस जनसुनवाई की सबसे खास बात इसकी व्यवस्था रही। पुलिस कप्तान ने शिकायतकर्ताओं को बकायदा कुर्सी पर बिठाकर और पंखे-कूलर की ठंडी हवा के बीच उनकी समस्याओं को सुना। जिले के पुलिस महकमे में संभवत: यह अब तक की सबसे अनूठी और सम्मानजनक जनसुनवाई मानी जा रही है, जहां फरियादियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया।
18 शिकायतों पर ऑन द स्पॉट निर्देश
साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान कुल 18 शिकायतकर्ता उपस्थित हुए। एसपी श्री शुक्ला ने शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए संबंधित थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों को फोन पर ही आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राप्त शिकायतों का निराकरण केवल कागजों तक सीमित न रहेए बल्कि इनका प्रभावी और त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
समाधान की उम्मीद
पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम जन की शिकायतों को प्राथमिकता की श्रेणी में रखा जाए। एसपी द्वारा सीधे संवाद किए जाने से दूर दराज से आए फरियादियों में भी अपनी समस्याओं के समाधान को लेकर एक नया भरोसा जगा है।


