Sehore News : सीहोर। चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व पर जहां पूरा जिला शक्ति की भक्ति में लीन है, वहीं पुलिस ने भी अपराधियों के विरुद्ध शक्ति का अवतार धारण करते हुए अपराधियों की कमर तोड़ दी है। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के नेतृत्व में जिले की पुलिस टीम ने तीन-तीन अलग-अलग मामलों में बड़ा खुलासा करते हुए बाप-बेटे सहित 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
नंदगांव में 65 लाख की बड़ी डकैती का पर्दाफाश
भैरूंदा के नंदगांव में हुई चोरी की वारदात ने पुलिस की रातों की नींद उड़ा दी थी। यहां देवी सिंह भाटी के सूने मकान से करीब 65 लाख रुपये के जेवरात पार कर दिए गए थे। पुलिस ने जब जांच शुरू की तो आरोपी शातिर ‘पारदी गैंग’ निकली। यह गैंग कचरा बीनने के बहाने घरों की रेकी करता था और महिलाएं ताले तोडक़र हाथ साफ करती थीं। एसपी दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशन में टीम ने न केवल इछावर से बल्कि भाग रहे आरोपियों का पंजाब तक पीछा कर उन्हें दबोचा। पुलिस ने 40 तोला सोना और 800 ग्राम चांदी बरामद की है। इस बड़ा सफलता हासिल की है।
बाप-बेटे समेत 4 आरोपी सलाखों के पीछे
शहर की नेहरू कॉलोनी में हुई 8 लाख की चोरी भी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी। यहां कोतवाली पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से कडिय़ा जोड़ी। हैरान करने वाली बात यह रही कि चोरी की इस वारदात में असलम अंसारी और उसका बेटा शाहिद अंसारी मुख्य रूप से शामिल थे। इनके कब्जे से मशरूका जेवरात और नगदी बरामद कर लिया गया है।
फर्जी सिम कार्ड के जरिए जालसाजी का खेल खत्म
बुदनी में साइबर पुलिस ने ‘ऑपरेशन फेस’ के तहत एक ऐसे गिरोह को पकड़ा जो निर्दोष ग्रामीणों के आधार कार्ड का उपयोग कर फर्जी सिम कार्ड जारी करता था। शेरसिंह और शिवम मीणा के नाम पर 32 फर्जी सिम निकालकर ये जालसाज बड़ी वारदातों की फिराक में थे। पीओएस संचालक जय भाटिया और मनोज कुशवाह को गिरफ्तार कर पुलिस ने डिजिटल अपराध की दुनिया में बड़ी सेंधमारी को नाकाम कर दिया है।
त्यौहारों के बीच पुलिस की सराहनीय भूमिका
नवरात्रि के इस समय में जब सुरक्षा व्यवस्था सबसे बड़ी प्राथमिकता होती है, पुलिस की इन उपलब्धियों ने उत्सव की खुशी को दोगुना कर दिया है। इस सफलता में एएसपी सुनीता रावत, सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा, एसडीओपी रोशन कुमार जैन और थाना प्रभारियों समेत पूरी टीम साइबर सेल व ग्राउंड टीम की भूमिका सराहनीय रही।


