Sehore News: सीहोर। प्रेम और विश्वास का एक खौफनाक अंत तब सामने आया जब पुलिस ने अम्बर नदी में मिली युवती की लाश की गुत्थी सुलझाई। यह महज एक हत्या नहीं, बल्कि अपनी नई सगाई को बचाने के लिए एक प्रेमी द्वारा अपनी लिव-इन पार्टनर के साथ किया गया विश्वासघात था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार असम की रहने वाली राजीना बेगम हैदराबाद में एक निजी कंपनी में काम करते हुए नीतेश यादव के साथ लिव-इन में रह रही थी। दोनों का रिश्ता सामान्य चल रहा था, लेकिन नीतेश के मन में कुछ और ही था। उसने चोरी-छिपे दूसरी जगह अपनी शादी तय कर ली और 13 फरवरी को सगाई भी कर ली।
जब राजीना को इस धोखे का पता चला तो विवाद शुरू हो गया। राजीना को रास्ते से हटाने के लिए नीतेश उसे शादी का झांसा देकर अपने गांव आरी ले आया। उसे क्या पता था कि जिस प्रेमी के साथ वह घर बसाने का सपना देख रही थी, वही उसकी जान लेने की योजना बना चुका है।
भाई के साथ मिलकर रची साजिश
25 फरवरी की सुबह जब दुनिया सो रही थी, तब सुबह 4 बजे नीतेश ने गला दबाकर राजीना को मौत के घाट उतार दिया। इस जघन्य अपराध में उसने अपने सगे भाई सचिन को भी शामिल किया। दोनों भाइयों ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए लाश को बाइक पर लादा और करीब 50 किलोमीटर दूर ले जाकर भैरुन्दा की अम्बर नदी में फेंक दिया।
जीरो पर एफआईआर
सीहोर पुलिस की तत्परता और सोशल मीडिया के जरिए इस गुमनाम लाश की पहचान राजीना के रूप में हुई। चूंकि हत्या की असल वारदात नर्मदापुरम जिले के माखननगर में हुई थी, इसलिए भैरुन्दा पुलिस ने जीरो पर एफआईआर दर्ज कर मामला संबंधित थाने को सौंप दिया है।


