सलकनपुर धाम: 10.47 बजे हुई घट स्थापना, उमड़ा आस्था का जनसैलाब

19 sehore photo 01

Sehore News : सीहोर। शक्ति की उपासना का महापर्व चैत्र नवरात्रि आज से पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ शुरू हो गया है। प्रदेश के सुप्रसिद्ध विजयासन देवी धाम सलकनपुर में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा हुआ है। जैसे ही घड़ी में सुबह के 10.47 बजे शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच घट स्थापना की गई, जिससे पूरा मंदिर परिसर जय माता दी के जयकारों से गूंज उठा।
नवरात्रि के पहले दिन माता के दर्शन के लिए श्रद्धालु रात से ही जुटना शुरू हो गए थे। मंदिर के सीढ़ी मार्ग पर अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है, जहां भक्त जयकारे लगाते हुए माता के दरबार की ओर बढ़ रहे हैं। न केवल सीढ़ी मार्ग, बल्कि सडक़ मार्ग और रोपवे के जरिए भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं।
साढ़े 15 घंटे खुले रहेंगे माता के द्वार
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति ने दर्शन के समय में बढ़ोतरी की है। भक्तों की सुविधा के लिए अब प्रतिदिन साढ़े 15 घंटे तक माता के पट खुले रहेंगे, ताकि दूर-दराज से आने वाले हर श्रद्धालु को सुगमता से दर्शन प्राप्त हो सकें। मंदिर परिसर को विशेष फूलों और लाइटों से सजाया गया है, जो भक्तों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
देवी लोक का आकार लेने लगा धाम
सलकनपुर में निर्माणाधीन भव्य देवी लोक को लेकर भी भक्तों में खासा उत्साह है। मंदिर प्रशासन के अनुसार देवी लोक के लिए प्रतिमाओं का आगमन शुरू हो गया है। आने वाले समय में यहां माता के विभिन्न स्वरूपों के दर्शन एक ही स्थान पर हो सकेंगे, जिससे सलकनपुर धाम की भव्यता और अधिक बढ़ जाएगी।
पुलिस-प्रशासन अलर्ट
कलेक्टर और एसपी के निर्देशन में मेला क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सीढ़ी मार्ग पर पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की गई है। साथ ही रोपवे की सुरक्षा जांच के बाद ही उसे संचालित किया जा रहा है ताकि ऊंचाई पर जाने वाले श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।