गणगौर के गीतों से गूंजा शहर…

13 sehore photo 03

सीहोर। आस्था और लोक संस्कृति का पावन पर्व ‘गणगौर’ शहर में पूरी भव्यता के साथ मनाया जा रहा है। अग्रवाल महिला मंडल के नेतृत्व में शीतला सप्तमी से शुरू हुआ यह 16 दिवसीय उत्सव अब अपने पूरे परवान पर है। शहर की गलियां माता के पारंपरिक गीतों और ढोल-बाजे की थाप से सराबोर हैं।
उत्सव की शुरुआत विधि-विधान के साथ ज्वारे बोकर की गई, जिनका विसर्जन तीज गणगौर के दिन किया जाएगा। प्रतिदिन गणगौर माता की सवारी निकाली जा रही है, जिसमें महिलाएं पारंपरिक परिधानों में माता की पूजा-अर्चना कर रही हैं। सुख-समृद्धि की कामना के साथ गाए जा रहे लोक गीत आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
सर्व समाज की सहभागिता
इस आयोजन की खास बात यह है कि इसमें अग्रवाल समाज के साथ-साथ माहेश्वरी, सोनी, ब्राह्मण और अन्य सभी समाजों की महिलाएं भी बढ़-चढक़र हिस्सा ले रही हैं। मंडल की सचिव मोहिनी अग्रवाल ने बताया कि माता की सवारी प्रतिदिन विभिन्न कॉलोनियों और बगीचों में पहुंच रही है, जहां श्रद्धालु भव्य स्वागत कर रहे हैं।
यहां पहुंचेगी माता की सवारी
सवारी के क्रम में माता का स्वागत गुप्तेश्वर मंदिर, विजय अग्रवाल और उमा भारतीय के निवास पर किया गया। आगामी दिनों में माता की सवारी मानक बाग और पारस कॉलोनी स्थित अंजू अग्रवाल के निवास पर पहुंचेगी।