सीहोर। विजयासन देवी धाम सलकनपुर में 19 मार्च से शुरू होने वाले चैत्र नवरात्रि मेले के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। कलेक्टर बालागुरू के. और एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की जान से खिलवाड़ करने वाले खटारा और जर्जर वाहनों को मंदिर की पहाड़ीपर चढऩे की अनुमति नहीं दी जाएगी।
कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि पहाड़ी मार्ग पर केवल वही टैक्सी वाहन चलेंगे जिनके पास आरटीओ का वैध फिटनेस प्रमाण पत्र होगा। जर्जर वाहनों पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। इसके अलावा वाहन चालकों को क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने की सख्त चेतावनी दी गई है। श्रद्धालुओं से तय रेट से अधिक किराया वसूलने पर कार्रवाई होगी। केवल अनुभवी और प्रशिक्षित चालक ही पहाड़ी मार्ग पर वाहन चला सकेंगे।
घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग प्रतिबंधित
मेला क्षेत्र और मंदिर परिसर की दुकानों व होटलों में सुरक्षा के लिहाज से घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग प्रतिबंधित कर दिया गया है। पकड़े जाने पर सिलेंडर जब्त कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आगजनी से बचाव के लिए हर दुकान पर अग्निशमन यंत्र रखना अनिवार्य होगा।
आंवलीघाट और वन क्षेत्र पर भी नजर
भूतड़ी अमावस्या और मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नर्मदा के आंवलीघाट पर गोताखोर और वाटर बोट तैनात रहेंगे। जंगली जानवरों के खतरे को देखते हुए श्रद्धालुओं के वन क्षेत्र में प्रवेश पर भी रोक लगाई गई है।
श्रद्धालुओं के लिए अन्य सुविधाएं
हेल्थ कैंप और एंबुलेंस: मुख्य स्थानों पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध रहेगी।
पेयजल और मरम्मत: सडक़ों की मरम्मत के साथ गर्मी को देखते हुए ठंडे पानी और शौचालयों की व्यवस्था की जाएगी।
कंट्रोल रूम: बाहरी श्रद्धालुओं की मदद के लिए हेल्प डेस्क और प्रशासनिक तालमेल हेतु कंट्रोल रूम बनाया गया है।


