सीहोर। रंगों और उमंग के पर्व होली के पावन अवसर पर नव चेतना समिति द्वारा ग्राम पाचमा स्थित समिति भवन में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारियों से लेकर सदस्यों तक सभी ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया, जिससे पूरा वातावरण उत्सव के रंग में सराबोर हो गया।
समारोह की शुरुआत में समिति के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने सामाजिक एकता और समरसता के महत्व पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि होली जैसे पर्व समाज में आपसी प्रेम और भाईचारा बढ़ाने का माध्यम बनते हैं। कार्यक्रम में मौजूद सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को गले लगकर होली की शुभकामनाएं दीं और पुरानी कड़वाहटों को भुलाकर प्रेम के साथ नई शुरुआत करने का संकल्प लिया।
गुलाल से खेली होली
इस समारोह की सबसे खास बात इसकी सादगी और शालीनता रही। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए समिति के सदस्यों ने केवल गुलाल और सूखे रंगों का उपयोग किया। फूलों और गुलाल की इस होली ने माहौल को सुगंधित बना दिया। इस दौरान सदस्यों ने पारंपरिक फाग गीतों पर झूमते हुए त्योहार का भरपूर आनंद लिया।
वरिष्ठजनों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य रूप से नव चेतना समिति के जिलाध्यक्ष देव सिंह मालवीय, नगर अध्यक्ष भवानी सिंह मालवीय, डॉ. घासीराम मालवीय और बलाई समाज मंदिर अध्यक्ष रामकिशन मालवीय उपस्थित रहे। इसके साथ ही संदीप मालवीय, अखिलेश, सुनील, दिलीप, सीताराम मालवीय सहित समिति के सभी वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और सक्रिय सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। समिति के नेतृत्व ने सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नव चेतना समितिश् न केवल सामाजिक कार्यों में अग्रणी रहती है, बल्कि अपने सदस्यों के बीच पारिवारिक संबंधों को मजबूत करने के लिए भी निरंतर प्रयासरत है।


