बेलगाम बुलेरो ने चार दोस्तों को मारी टक्कर, दो की मौत, दो गंभीर

08 sehore photo 06

सीहोर। जिला मुख्यालय के शुगर फैक्ट्री चौराहे पर शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार बुलेरो ने जमकर कहर बरपाया। तेज रफ्तार बुलेरो ने सडक़ किनारे खड़े चार युवाओं को जोरदार टक्कर मार दी और उन्हें करीब 70 फीट तक घसीटते हुए ले गई। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे में दो किशोरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुलेरो युवाओं को रौंदते हुए पहले एक ट्रैक्टर से टकराई और फिर पास ही स्थित एक चाय की दुकान में जा घुसी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार हुए चारों दोस्त सडक़ किनारे खड़े होकर आपस में बातचीत कर रहे थे, तभी काल बनकर आई बुलेरो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 16 वर्षीय अमित कौशल पिता मुकेश निवासी महू और 13 वर्षीय प्रिंसू कौशल पिता सतीश निवासी लुनिया चौराहा की मौके पर ही मौत हो गई।
अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे घायल
हादसे में रेन्बो नामक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। वहीं एक अन्य युवक का भी इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंजर इतना खौफनाक था कि टक्कर के बाद युवक गाड़ी के नीचे फंस गए और बुलेरो उन्हें सडक़ पर रगड़ती हुई काफी दूर तक ले गई।
गाड़ी पर लिखा है मप्र शासन
हादसे को अंजाम देने वाली बुलेरो (रमेश राठौर के नाम पर पंजीकृत) को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है। गाड़ी पर मप्र शासन लिखा हुआ है और बताया जा रहा है कि यह गाड़ी एमपीईबी में अटैच है। सरकारी काम में लगी गाड़ी से हुए इस भीषण हादसे ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
चाय की दुकान में जा घुसी बुलेरो
टक्कर मारने के बाद भी बुलेरो की रफ्तार कम नहीं हुई। वह सडक़ किनारे खड़े एक ट्रैक्टर से टकराई और उसके बाद अनियंत्रित होकर सीधे एक चाय की दुकान में जा घुसी। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी।