सीहोर। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के जन्मदिवस के अवसर पर उनके संसदीय क्षेत्र के भैरुंदा में जनसेवा के दो बड़े प्रकल्पों की शुरुआत हुई। युवा नेता कार्तिकेय सिंह चौहान और क्षेत्रीय विधायक रमाकांत भार्गव ने ‘मामा कोचिंग क्लासेस’ का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर ग्रामीणों की सुविधा के लिए चलित क्लीनिक शुरू करने की भी महत्वपूर्ण घोषणा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्तिकेय सिंह चौहान ने कहा कि मामा कोचिंग क्लासेस का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के उन गरीब और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के अवसर प्रदान करना है, जो संसाधनों के अभाव में पीछे रह जाते हैं। इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए शुरू किया गया चलित क्लीनिक अब गांव-गांव जाकर सामान्य बीमारियों की जांच और मुफ्त इलाज की सुविधा प्रदान करेगा।
वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी
जन्मदिन के इस सेवाभावी कार्यक्रम में विधायक रमाकांत भार्गव के साथ पूर्व जिलाध्यक्ष रवि मालवीय, जिला महामंत्री जितेंद्र गौड़, जिला उपाध्यक्ष आनंद पटेल और नपा अध्यक्ष मारुति शिशिर सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सामूहिक वृक्षारोपण भी किया।


