सीहोर। इछावर तहसील के ग्राम खजुरिया घेंघी में एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया। यहाँ खेत पर फसल कटाई के दौरान पानी भरने गए दो सगे भाइयों की कुएं में डूबने से मौत हो गई। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। माता-पिता की आंखों के सामने ही उनके घर के दो चिराग हमेशा के लिए बुझ गए।
जानकारी के अनुसार ग्रामीण देवनारायण अपनी पत्नी और दो बेटों अनुराग 15 वर्ष और नैतिक 14 वर्ष के साथ किसान जितेंद्र के खेत में गेहूं की कटाई करने गए थे। काम के दौरान दोनों भाई प्यास बुझाने और पानी लाने के लिए पास के कुएं पर पहुंचे। छोटा भाई नैतिक कुएं में उतरकर पानी भरने लगाए तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में समाने लगा।
भाई को बचाने की कोशिश बनी काल
अपने छोटे भाई को डूबता देख बड़ा भाई अनुराग उसे बचाने के लिए बिना सोचे-समझे कुएं में कूद गया। अफसोस कि अनुराग अपने भाई को तो नहीं बचा सका, बल्कि दोनों ही गहरे पानी की चपेट में आ गए और डूबने से दोनों की मौत हो गई। जब काफी देर तक बच्चे वापस नहीं लौटे, तो परिजन उन्हें ढूंढते हुए कुएं के पास पहुंचे। वहां पानी में बच्चों के जूते-चप्पल तैरते देख माता-पिता के पैरों तले जमीन खिसक गई।
प्रशासन ने दिया आश्वासन
हादसे की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार अनामिका चतुर्वेदी अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया और शासन की ओर से उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। फिलहालए दोनों मासूमों के शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। गांव में एक साथ दो अर्थियां उठने से हर आंख नम है।


