सीहोर। मध्य प्रदेश के दो सबसे चर्चित आध्यात्मिक चेहरों के बीच की जुगलबंदी एक बार फिर सुर्खियों में है। सीहोर के कुबेरेश्वर धाम के प्रमुख पंडित प्रदीप मिश्रा शुक्रवार को एक विशेष चाटर्ड प्लेन के जरिए बुंदेलखंड के प्रसिद्ध तीर्थ बागेश्वर धाम पहुंचे। मौका है बागेश्वर धाम के महंत पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री द्वारा आयोजित 300 निर्धन कन्याओं के भव्य सामूहिक विवाह समारोह का। इस आयोजन को बुंदेलखंड का महाकुंभ कहा जा रहा है, जहां देश के बड़े बड़े संतों का जमावड़ा लगा है।
दिलचस्प बात यह है कि पंडित प्रदीप मिश्रा के अपने गृहनगर सीहोर कुबेरेश्वर धाम में कल यानी 14 फरवरी से भव्य रुद्राक्ष महोत्सव और शिवपुराण कथा शुरू होने जा रही है। अपने बड़े आयोजन की व्यस्तता के बावजूद पंडित मिश्रा डबरा में आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम में शामिल हुए, जबकि अब बागेश्वर धाम पहुंचकर सनातनी एकजुटता का संदेश दिया है। उन्होंने डबरा से बागेश्वर धाम के लिए प्रस्थान करने की जानकारी खुद अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर साझा की।
300 बेटियों के धर्म पिता बनेंगे धीरेन्द्र शास्त्री
बता दें बागेश्वर धाम में आयोजित इस सप्तम कन्या विवाह महोत्सव में 300 से अधिक निर्धन बेटियों का विवाह पूरे राजसी ठाठ-बाट के साथ कराया जा रहा है। पंडित प्रदीप मिश्रा ने बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना करते हुए इस अभियान को दिव्य महाअभियान बताया है।
मिश्रा जी की घोषणा और अधूरा इंतजार
एक ओर जहां बागेश्वर धाम में बेटियों के हाथ पीले हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सीहोर के गलियारों में पंडित प्रदीप मिश्रा की पुरानी घोषणा की चर्चा भी शुरू हो गई है। गौरतलब है कि साल 2024 में पंडित प्रदीप मिश्रा ने भी कुबेरेश्वर धाम के माध्यम से निर्धन कन्याओं के नि:शुल्क सामूहिक विवाह कराने का ऐलान किया था। हालांकि घोषणा के काफी समय बीत जाने के बाद भी अब तक कुबेरेश्वर धाम की ओर से एक भी कन्या का विवाह संपन्न नहीं कराया गया है।
प्रशासनिक अलर्ट के बीच सीहोर में तैयारी
पंडित मिश्रा के बागेश्वर धाम जाने के बीच सीहोर में प्रशासन रुद्राक्ष महोत्सव की तैयारियों में पसीना बहा रहा है। शनिवार से शुरू होने वाले महोत्सव में लाखों की भीड़ जुटने वाली है। होटल और धर्मशालाएं पहले ही फुल हो चुकी हैं।


