सीहोर। दीपावली का त्यौहार सिर पर है और बाजारों में रौनक बढऩे लगी है, लेकिन मंडी इलाके के पोस्ट ऑफिस रोड के रहवासियों और व्यापारियों के लिए यह त्यौहार आफत लेकर आया है। सडक़ के दोनों ओर चल रही सीवेज लाइन की खुदाई ने लोगों की दिवाली का मजा बिगाड़ दिया है। पिछले दो महीने से जारी निर्माण कार्य के कारण स्थिति यह हो चुकी है कि न केवल चार पहिया वाहन, बल्कि पैदल चलने वालों और दोपहिया चालकों के लिए भी रास्ता नहीं बचा है। त्यौहार के मौसम में आवाजाही और खरीदारी बाधित होने से लोगों में भारी आक्रोश है।
पोस्ट ऑफिस रोड करीब 40 फीट चौड़ी है और यहां व्यावसायिक गतिविधियां काफी सक्रिय रहती हैं। स्थानीय रहवासी और दुकानदारों का कहना है कि त्यौहार के समय माल की आवाजाही बढ़ जाती है, लेकिन चार पहिया वाहन नहीं पहुंच पा रहे हैं। मुख्य मार्ग बंद होने के बाद कुएं के पास से गुजरने वाले जिस दूसरे रास्ते का इस्तेमाल लोग कर रहे थे, वहां भी नगर पालिका ने खुदाई कर दी है। दोनों रास्ते एक साथ बंद होने से पूरा इलाका पूरी तरह कट गया है।
सुरक्षा नियमों की अनदेखी, अधिनियम का दिया हवाला
निर्माण स्थल पर सुरक्षा के बुनियादी इंतजाम न होने से दुर्घटनाओं का अंदेशा बना हुआ है। रहवासियों ने मध्य प्रदेश नगरपालिका अधिनियम 1961 का हवाला देते हुए बताया कि नियम के मुताबिक किसी भी निर्माण कार्य के दौरान बैरिकेडिंग लगाना अनिवार्य है, चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाए जाने चाहिए। आवागमन के लिए वैकल्पिक रास्ता देना जरुरी है। बावजूद पोस्ट ऑफिस रोड पर इन सभी सुरक्षा मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है, जिससे बुजुर्गों और बच्चों के गड्ढों में गिरने का खतरा बना रहता है।
25 करोड़ का प्रोजेक्ट, सीएमओ ने दिया आश्वासन
मामले में नगर पालिका सीएमओ सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि पूरे सीहोर शहर के लिए 25 करोड़ रुपये का सीवरेज प्रोजेक्ट स्वीकृत हुआ है, जिसके अंतर्गत ही मंडी क्षेत्र में यह काम चल रहा है। त्यौहार के मौके पर लोगों को हो रही परेशानी पर उन्होंने कहा कि वे मामले की खुद जांच करेंगे और जल्द से जल्द सुरक्षा व वैकल्पिक रास्ते की समुचित व्यवस्था कराई जाएगी।


