शक्ति की भक्ति का पर्व कल से, माता की प्रतिमाओं को अंतिम रूप दे रहे मूर्तिकार

सीहोर। भक्ति, उल्लास और उत्सव के नौ दिनों का खूबसूरत सफर कल यानी रविवार से शुरू होने जा रहा है। मां दुर्गा के पावन आगमन के साथ ही शहर का कोना-कोना सजने लगा है। मंदिरों से लेकर गली-मोहल्लों तक मां के जयकारे गूंजने लगे हैं और चारों तरफ एक अलग ही आस्था का माहौल छा गया है। कहीं घरों में घट स्थापना की तैयारियां जोरों पर हैं तो कहीं गरबा और डांडिया की धुन पर थिरकने के लिए युवा और बच्चे पूरी तरह तैयार हैं।
बता दें यह नौ दिन मां दुर्गा के नौ अलग-अलग स्वरूपों की आराधना, शक्ति की उपासना और अपार खुशियों के नाम होंगे। हर भक्त की जुबां पर मां का जयकारा और आंखों में माँ के भव्य दर्शन की आस साफ नजर आ रही है। आइए, पूरी श्रद्धा और अटूट विश्वास के साथ जगत जननी माँ का स्वागत करें।
दिन-रात मूर्तियों को अंतिम रूप देने में जुटे कलाकार
नवरात्रि के इस पावन पर्व को लेकर शहर के कलाकारों में जबरदस्त उत्साह और व्यस्तता देखी जा रही है। शहर के मूर्तिकार पिछले कई हफ्तों से मां दुर्गा की भव्य और आकर्षक प्रतिमाएं तैयार कर रहे हैं और अब अंतिम दिन होने के कारण वे मूर्तियों को अंतिम रूप देने में दिन-रात एक किए हुए हैं। कलाकार इस बात का विशेष ध्यान रख रहे हैं कि मां की प्रतिमाओं में दिव्यता और सजीवता साफ झलके, ताकि जब वे पंडालों में पहुंचे तो भक्त देखते ही रह जाएं।
एक दर्जन से अधिक भव्य पंडालों में विराजेंगी मां
बता दें बार शहर में लगभग एक दर्जन से अधिक प्रमुख और बड़े स्थानों पर मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं। इन सभी स्थानों पर आकर्षक पंडालों का निर्माण किया गया है, जहां विद्युत सज्जा विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। समितियों द्वारा साफ सफाई और दर्शन व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि नौ दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।