विशेष बच्चों पर बरसी #गणेशजी की कृपा, हुनर के मुरीद हुए मुस्लिम युवा हकीम भाई भी…

@सीहोर। गणेशोत्सव की पूर्व संध्या पर शहर के कोतवाली चौराहे पर आस्था, भावना और कौमी एकता का एक बेहद भावुक नजारा देखने को मिला। ऐसा लगा मानो विशेष (दिव्यांग) बच्चों पर खुद भगवान गणेश जी की कृपा बरस रही हो। वसुंधरा वेलफेयर फाउंडेशन के दिव्यांग बच्चों ने जब अपनी नन्हीं, मासूम उंगलियों से मिट्टी को तराशकर गणपति बाप्पा का रूप दिया तो उनकी इस निश्छल मेहनत को संबल देने लायंस क्लब सीहोर आगे आया। कोतवाली चौराहे पर लगा यह छोटा सा स्टॉल सिर्फ मूर्तियों की बिक्री का केंद्र नहीं, बल्कि इन बच्चों के सपनों और स्वाभिमान का खूबसूरत मंच बन गया।
बता दें यूं तो शहर भर में गणेश प्रतिमाओं की कई दुकानें सजी हैं, लेकिन इस स्टॉल पर बिखरी बच्चों की मासूमियत ने हर किसी का दिल मोह लिया। इसी बीच एक ऐसा लम्हा आया जब मुस्लिम समाज के हकीम भाई स्टॉल पर पहुंचे तो वह भी इन विशेष बच्चों की कला और मेहनत के मुरीद हो गए। उन्होंने बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए 150 रुपये में गणेश जी की प्रतिमा खरीदी।
प्रतिमा खरीदकर वापस सौंपी
हकीम भाई का बड़प्पन यहीं नहीं रुका। प्रतिमा हाथ में लेते ही उन्होंने उसे वापस आयोजकों के हाथों में सौंप दिया और भरे गले से कहा यह मूर्ति मेरी तरफ से किसी ऐसे परिवार को भेंट कर देना, जो सच्चे मन और पूरी श्रद्धा से गणपति बाप्पा की सेवा कर सके।
प्रिंस-सुदीप बोले- बच्चों का हुनर समाज की पूंजी
इस भावुक पल में शहर के जनप्रतिनिधि भी बच्चों का हौसला बढ़ाने पहुंचे। नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर ने स्टॉल पर पहुंचकर बच्चों द्वारा निर्मित गणेश प्रतिमा खरीदी और उनका उत्साहवर्धन किया। प्रिंस राठौर ने कहा कि इन विशेष बच्चों का यह हुनर समाज की सबसे बड़ी पूंजी है। भाजपा मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति ने भी प्रतिमा खरीदकर बच्चों की कड़ी मेहनत और उनकी अद्भुत कलात्मकता को दिल से सराहा।