बाबा साहब की प्रतिमा के सामने गंदगी करने वाला स्कूटी चालक धराया

13 sehore photo 14

Sehore News: सीहोर। शहर के टाउन हॉल स्थित डॉ. बाबा साहब अंबेडकर उपवन में लगी प्रतिमा के सामने गंदगी कर सामाजिक व धार्मिक भावनाएं आहत करने वाले अज्ञात स्कूटी चालक को ढूंढ निकालने में कोतवाली पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
बता दें घटना की शुरुआत 3 जून की रात करीब 10 बजे हुई थी। कलेक्टर कार्यालय मार्ग पर स्थित डॉ. बाबा साहब अंबेडकर उपवन में एक अज्ञात स्कूटी चालक बाबा साहब की प्रतिमा के ठीक सामने खड़ा होकर पेशाब कर रहा था। इस शर्मनाक करतूत का वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया था।
वीडियो सामने आने के बाद 4 जून को फरियादी अरविंद मालवीय ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि इस कृत्य से पूरे बहुजन समाज के लोगों की भावनाएं गंभीर रूप से आहत हुई हैं। शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत एवं नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रवींद्र यादव के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसे आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से खुला राज
कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल और कलेक्टर कार्यालय रोड के आसपास लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस के मुखबिर तंत्र की मदद से आखिरकार पुलिस उस अज्ञात स्कूटी चालक तक पहुंचने में कामयाब रही। पकड़े गए आरोपी की पहचान अर्जुन गौड़ पिता बच्चूलाल निवासी शेखपुरा थाना मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया।