Sehore News: सीहोर। जिला मुख्यालय पर आगामी 24 और 25 मई को आयोजित होने जा रहे भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग को लेकर पार्टी के भीतर ही बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। प्रशिक्षण वर्ग के शुरू होने से पहले ही अंदरूनी गुटबाजी और समन्वय की कमी खुलकर सामने आ गई है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और वर्तमान में जनजाति मोर्चा की सोशल मीडिया सह-प्रभारी अनिता भंडेरिया ने प्रशिक्षण वर्ग की सूची में अपना नाम न होने पर सीधे प्रदेश नेतृत्व के सामने कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
इस राजनीतिक गरमाहट के बीच अनिता भंडेरिया ने भोपाल पहुंचकर भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी हेमंत खंडेलवाल से मुलाकात की और सीहोर जिले में होने वाले इस प्रशिक्षण वर्ग की गतिविधियों और अपनी उपेक्षा से उन्हें अवगत कराया।
क्राइटेरिया में आने के बाद भी नाम कटना समझ से परे
पूरे मामले का खुलासा करते हुए पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अनिता भंडेरिया ने बताया कि संगठन द्वारा इस प्रशिक्षण वर्ग के लिए जो नियम और गाइडलाइन तय किए गए हैं, वह पूरी तरह से उसके दायरे में आती हैं। प्रदेश स्तर पर पदाधिकारी होने के नाते नियमानुसार उन्हें इस वर्ग में अपेक्षित (शामिल) रहना चाहिए और सूची में उनका नाम अनिवार्य रूप से होना था।
उन्होंने स्थानीय स्तर पर संगठन के समन्वय पर सवाल उठाते हुए कहा मैं पार्टी की गाइडलाइन के तहत इस प्रशिक्षण में शामिल होने की पूरी पात्रता रखती हूं, लेकिन जब अंतिम सूची सामने आई तो उसमें से मेरा नाम गायब था। यह स्थिति संगठन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है।
फोन पर मिल रही जानकारी से शुरू हुआ विवाद
अनिता भंडेरिया के अनुसार इस पूरे घालमेल की जानकारी उन्हें तब हुई जब जिले के ही अन्य पदाधिकारियों ने उन्हें फोन लगाना शुरू किया। भंडेरिया ने कहा जिले के कई जिम्मेदार पदाधिकारियों ने मुझे फोन लगाकर कहा कि आपका नाम सूची में नहीं है।
प्रदेश नेतृत्व को दी गई पूरी रिपोर्ट
24-25 मई को सीहोर में लगने वाले इस प्रशिक्षण वर्ग को भाजपा आगामी सांगठनिक मजबूती के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मान रही है, लेकिन आयोजन से ठीक तीन दिन पहले आए इस विवाद ने स्थानीय नेताओं की चिंता बढ़ा दी है। अनिता भंडेरिया ने साफ किया कि उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम और अपनी आपत्ति से भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और प्रदेश नेतृत्व को अवगत करा दिया है। इस संबंध में उनकी वरिष्ठ पदाधिकारियों से सकारात्मक चर्चा भी हुई है।


