पुलिस से बदसलूकी और हाथापाई की कोशिश…

#Sehore, सीहोर। शहर के सेकड़ाखेड़ी जोड़ पर वाहन चेकिंग कर रही पुलिस टीम के साथ एक शराबी चालक ने खुलेआम गुंडागर्दी और खाकी से बदसलूकी करने की कोशिश की। शराब के नशे में धुत लोडिंग वाहन के चालक ने न केवल पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की, बल्कि ड्यूटी पर तैनात जवान से हाथापाई करते हुए उसकी वर्दी तक पकडऩे का प्रयास किया।
मिली जानकारी के अनुसार यातायात सूबेदार ब्रजमोहन धाकड़ अपनी टीम के साथ सेकड़ाखेड़ी जोड़ पर नियमित रूप से वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध लोडिंग वाहन को रोककर जांच शुरू की। जैसे ही पुलिसकर्मी चालक के पास पहुंचे, उन्हें उसके मुंह से शराब की तेज बदबू आई। जब पुलिस टीम ने चालक का अल्कोहल मीटर से टेस्ट कराने का प्रयास किया तो चालक और उसके साथ मौजूद साथी भडक़ गए और सीधे खाकी को चुनौती देते हुए पुलिसकर्मियों से बहस करने लगे।
वर्दी पकडऩे की कोशिश
अल्कोहल टेस्ट से बचने और पुलिस पर दबाव बनाने की नीयत से नशे में धुत चालक लगातार हंगामा करता रहा। पुलिस अधिकारियों ने उसे शांत कराने और कानूनी प्रक्रिया का पालन करने की बात कही, लेकिन वह बाज नहीं आया। आरोपी लगातार अभद्र भाषा और गाली-गलौज का इस्तेमाल करता रहा। बात यहीं खत्म नहीं हुई, हंगामा बढ़ाते हुए आरोपी हाथापाई पर उतारू हो गया और उसने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी की वर्दी खींचने और पकडऩे का प्रयास किया।
शासकीय कार्य में बाधा का मामला दर्ज
मौके पर स्थिति बिगड़ती देख सूबेदार ब्रजमोहन धाकड़ और उनकी टीम ने तुरंत सख्त रुख अपनाया और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोडिंग वाहन को जब्त कर थाने पहुंचा दिया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज करने के साथ ही शासकीय कार्य में बाधा डालने, वर्दी से बदसलूकी और खाकी के साथ हाथापाई की कोशिश करने जैसी गंभीर धाराओं में कठोर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।