सीहोर। विकास कार्यों में भ्रष्टाचार और चोरी के मामले अक्सर सामने आते हैं, लेकिन इस बार पार्वती नदी पर बन रहे पुल के निर्माण सामग्री पर ही चोरों ने हाथ साफ कर दिया। नागपुर से आए करीब 40 टन सरिए में से 15 टन सरिया रास्ते में ही गायब कर दिया गया। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने ट्रक ड्राइवर और ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक के खिलाफ अमानत में ख्यानत का मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार पुल निर्माण का काम देख रहे चोप्पा लोकनाथम नायडू निवासी भोपाल ने वर्धा महाराष्ट्र से 39.62 टन सरिया मंगवाया था। ट्रेलर का ड्राइवर दाऊद खान माल लेकर सीहोर पहुंचा। हैरान करने वाली बात यह है कि सीहोर में वजन (तोल कांटा) होने के बाद ड्राइवर बिना बताए ट्रेलर लेकर कहीं गायब हो गया। जब अगली सुबह वह वापस लौटा तो बहाना बनाया कि वह खाना खाने चला गया था।
खाली हुआ ट्रक तो खुली पोल
फरियादी को शक होने पर जब साइट पर माल खाली कराया गया तो सबके होश उड़ गए। ट्रक में लदे कुल माल में से 12 से 15 टन सरिया कम निकला। लाखों रुपये की कीमत का लोहा बीच रास्ते में ही खुर्द-बुर्द कर दिया गया था।
मिलीभगत का खेल, ड्राइवर और मालिक पर केस
जब निर्माण एजेंसी ने ट्रांसपोर्टर रोबिन सिंह चौहान से इस भारी कमी की शिकायत की तो उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इसके बाद पुलिस ने इसे सोची समझी साजिश और मिलीभगत मानते हुए ड्राइवर दाऊद खान और ट्रांसपोर्टर रोबिन सिंह चौहान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।


