नवरात्रि में काल बनकर दौड़ रहे डंपर ने मारी श्रद्धालुओं की ट्रेक्टर ट्राली में टक्कर

सीहोर। पावन नवरात्रि का महीना चल रहा है और चारों तरफ मां दुर्गा की भक्ति का माहौल है। जगह-जगह जयकारे गूंज रहे हैं, लेकिन इसी पवित्र समय में तेज रफ्तार डंपर लोगों के लिए काल बनकर सडक़ों पर दौड़ रहे हैं। जिले के बुधनी हाईवे बायपास पर एक ऐसा ही दर्दनाक और झकझोर देने वाला हादसा सामने आया है, जहां प्रसिद्ध तीर्थ स्थल सलकनपुर से मां बिजासन देवी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली को एक अनियंत्रित डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो दर्जन 24 से ज्यादा लोग बुरी तरह घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक इन दिनों नवरात्रि के पावन पर्व पर प्रतिदिन हजारों की तादाद में श्रद्धालु वाहनों पर सवार होकर माता सलकनपुर के दर्शन करने पहुंच रहे हैं, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब इस रूट पर श्रद्धालुओं का इतना भारी जनसैलाब रहता है तो फिर भारी वाहनों और डंपरों की आवाजाही पर रोक क्यों नहीं लगाई जाती। सलकनपुर मार्ग पर बेखौफ दौडऩे वाले ये डंपर आए दिन आम लोगों और श्रद्धालुओं की जिंदगी के लिए बड़ा खतरा बन चुके हैं। प्रशासन और संबंधित विभागों को इस बात की गंभीरता समझनी चाहिए कि नवरात्रि के इन पवित्र दिनों में कम से कम इस व्यस्त मार्ग पर भारी वाहनों की एंट्री बंद होनी चाहिए, ताकि ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके।
खुशियां पलभर में मातम में बदलीं
रायसेन जिले के खपरिया गांव से कुछ श्रद्धालु एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर आस्था के साथ सलकनपुर स्थित मां बिजासन देवी के दर्शन करने गए थे। माता के दरबार में माथा टेकने के बाद सभी लोग बड़े खुश थे और हंसी-खुशी अपने गांव वापस लौट रहे थे। लेकिन किसे पता था कि बुधनी हाईवे बायपास पर उनकी इस खुशी को किसी की नजर लग जाएगी। जैसे ही उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली बायपास के पास पहुंची, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि ट्रॉली में सवार लोग सडक़ पर दूर जा गिरे। पलभर में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते श्रद्धालुओं की वो खुशियां आंसुओं और मातम में बदल गईं।
भूरी केवट की मौत, 8 गंभीर घायल नर्मदापुरम रेफर
इस भीषण सडक़ हादसे में रायसेन जिले के खपरिया गांव की रहने वाली महिला भूरी केवट की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जैसे ही इस हादसे की खबर उनके गांव पहुंची, वहां कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत दल तुरंत मौके पर पहुंचे। आसपास के लोगों ने भी बड़ी मदद की और सभी घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।