नपा कार्यालय में पधारे #विघ्रहर्ता…

@सीहोर। नगर वासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शहर की निरंतर प्रगति की कामना को लेकर इस वर्ष भी नगर पालिका कार्यालय परिसर में गणेशोत्सव की शुरुआत पूरे आस्था और उत्साह के साथ हुई। नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर की अगुवाई में मंगलवार को भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा को विधि-विधान के साथ स्थापित किया गया।
प्रतिमा स्थापना से पहले सोमवार को भव्य चल समारोह निकाला गया। स्थानीय मूर्तिकारों द्वारा तैयार की गई भगवान गणेश की आकर्षक एवं मनमोहक प्रतिमा को श्रद्धालु आदर और श्रद्धा भाव के साथ शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नगर पालिका कार्यालय लेकर पहुंचे। रास्ते भर श्रद्धालु जय गणेश के जयकारे लगाते और झूमते नजर आए। पूरे मार्ग में जगह-जगह नगर वासियों ने बप्पा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया, जिससे शहर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
नपाध्यक्ष ने की नगर की तरक्की की प्रार्थना
सोमवार को नगर पालिका कार्यालय परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बप्पा को विराजमान कराया गया। इस अवसर पर नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने भगवान गणेश की महाआरती कर पूरे शहर की तरक्की, विकास और नागरिकों की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।
मीडिया से चर्चा करते हुए नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा भगवान गणेश विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। हमारे सनातन धर्म में किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत बप्पा के पूजन से ही होती है। भगवान गणेश से यही प्रार्थना है कि वे हमारे सीहोर शहर को हर संकट से बचाएं, नगर में सुख, शांति और भाईचारा बनाए रखें तथा हर नागरिक के जीवन में खुशहाली लाएं।
प्रतिदिन होगी आरती
गणेश उत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह और शाम नियमपूर्वक आरती व पूजन का आयोजन किया जाएगा। इसमें नपा के अधिकारी, कर्मचारी और शहर के श्रद्धालु शामिल होंगे। प्रतिमा स्थापना के इस पावन अवसर पर नगर पालिका के पार्षदगण, अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।