@सीहोर। भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय संगठन द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन व लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में भोपाल-सीहोर क्षेत्र के सांसद आलोक शर्मा ने सीहोर नगर मंडल क्रमांक-1 एवं नगर मंडल क्रमांक-2 की संयुक्त मंडल कार्यसमिति एवं कार्यशाला की बैठक ली। बैठक में सांसद आलोक शर्मा ने कार्यकर्ताओं को अभियान के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों और संगठनात्मक दायित्वों की विस्तार से जानकारी दी।
बैठक को संबोधित करते हुए सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की भावना सर्वोपरि रही है। केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं से करोड़ों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सेवा संकल्प अभियान को महज औपचारिकता न बनाकर जनभागीदारी और सेवा भावना के साथ घर-घर तक पहुंचाएं।
आयोजित होंगे ये प्रमुख कार्यक्रम
आशीर्वाद का दीया 17 सितंबर: शाम 7 बजे नगर मंडल 1 और 2 के प्रत्येक वार्ड में सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घर जाकर आशीर्वाद का दीया जलाया जाएगा। इसके लिए मोहल्ला प्रभारी बनाए जाएंगे और दीयों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
सेवा चित्र 18 सितंबर से 7 अक्टूबर: नगर मंडल के अंतर्गत आने वाले सरकारी व निजी स्कूलों में 2014 से पहले का भारत और पीएम मोदी के नेतृत्व में बदलता भारत विषय पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
सेवा स्मरण: कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न चौराहों व सार्वजनिक स्थानों पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से धारा 370 समाप्ति, तीन तलाक से मुक्ति, आयुष्मान, उज्ज्वला व स्वच्छता जैसे ऐतिहासिक कार्यों का स्मरण कराया जाएगा।
आंगन मिलन: भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आंगनवाडिय़ों में जाकर मातृशक्ति से संवाद किया जाएगा। योजनाओं से उनके जीवन में आए बदलाव की कहानियां सुनी जाएंगी और उनका शॉल श्रीफल से सम्मान होगा।
कहानी बदलाव की: पीएम आवास, आयुष्मान और उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों से संवाद कर उनके अनुभवों के वीडियो बनाए जाएंगे, जिन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जाएगा।
सेवा सेतु: नगर मंडल के कार्यकर्ता पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद करेंगे ताकि कोई भी जरूरतमंद वंचित न रहे।
बैठक में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, जिला प्रभारी विकास वीरानी, विधायक सुदेश राय, नगर मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति व सुशील ताम्रकार, जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र राजपूत, जिला मीडिया प्रभारी प्रितेश राठौर सहित जिला व मंडल के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य और पार्षदगण विशेष रूप से उपस्थित रहे।


