#Sehore, सीहोर। राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने जा रही इंडिया गठबंधन की रैली में शामिल होने के लिए सीहोर जिले से कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का जोश हाई है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने बताया कि अब तक जिले से डेढ़ सौ से अधिक कार्यकर्ता दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं, जबकि शाम तक इस संख्या में काफी इजाफा होना है।
सीहोर जिले में कांग्रेस को एकजुट करने और इस राष्ट्रीय स्तर के प्रदर्शन को सफल बनाने की जिम्मेदारी कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने पूरी मुस्तैदी से संभाली है। शुक्रवार रात से ही सीहोर से कांग्रेसियों के दिल्ली जाने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो शनिवार को भी जारी रहा। पार्टी आलाकमान के सख्त निर्देशों के बाद सीहोर जिले से बड़ी संख्या में भीड़ जुटाने की तैयारी की गई थी, जिसके तहत कार्यकर्ता अलग-अलग दलों और जत्थों में राजधानी के लिए निकले हैं।
प्रशासनिक रोक की आशंका के चलते बनाई खास रणनीति
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती और अन्य नेताओं को इस बात की पूरी आशंका थी कि केंद्र सरकार या प्रशासन इस देशव्यापी विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए रास्ते में कड़े प्रतिबंध लगा सकता है। यह अंदेशा जताया जा रहा था कि सडक़ मार्ग से आने वाले कांग्रेस के वाहनों और काफिलों को दिल्ली की सीमाओं या बाहरी क्षेत्रों में ही रोक लिया जा सकता है। इसी संभावित बाधा को मात देने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक सोची-समझी रणनीति बनाई है। कार्यकर्ताओं को किसी भी प्रकार की रुकावट का सामना न करना पड़े, इसलिए सीहोर से कांग्रेसजन केवल सडक़ मार्ग ही नहीं, बल्कि ट्रेनों के जरिए भी अलग-अलग टोलियों में दिल्ली पहुंच रहे हैं, ताकि रैली में उनकी समय पर और सुनिश्चित उपस्थिति दर्ज हो सके।


