सीहोर। शहर के ब्रह्मपुरी स्थित श्री पारसनाथ दिगंबर जैन मंदिर में सोमवार को धार्मिक उल्लास और भक्तिभाव के साथ भव्य जल यात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे के साथ निकली इस धार्मिक यात्रा में जैन समाज के बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और युवा श्रद्धालुओं ने शामिल होकर धर्मलाभ लिया।
जल यात्रा के अवसर पर भगवान श्री महावीर जी की प्रतिमा को विधिवत पालकी में विराजमान किया गया। पारंपरिक वेशभूषा पहने श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ पालकी को अपने कंधों पर उठाया और जयकारों के साथ नगर भ्रमण कराया। जल यात्रा के पश्चात मंदिर जी में श्रीजी को विराजमान कर विधि-विधान के साथ अभिषेक एवं पूजन का आयोजन हुआ।
पुण्यार्जक परिवारों को मिला सौभाग्य
श्रीजी को विराजमान करने का सौभाग्य अनिल कुमार जैन एवं वैभव जैन बेरछा वाले परिवार को प्राप्त हुआ। प्रथम शांतिधारा का पुण्यार्जन प्रदीप जैन, कपिल जैन एवं अनमोल जैन मुस्कुरा वाले परिवार द्वारा 3131 की राशि से किया गया। वहीं द्वितीय शांतिधारा का पुण्यार्जन सुमतलाल जैन, दीपक कुमार जैन एवं पीयूष जैन चंदबाड़ वाले परिवार द्वारा 5100 की राशि के साथ किया गया। चार प्रमुख कलशों से अभिषेक करने का पुण्यलाभ प्रदीप कुमार-कपिल कुमार जैन, पवन कुमार-मनोज जैन, जैन पाल-आयुष जैन तथा सुनील कुमार जैन आष्टा वाले को मिला।
समाजजनों ने की पुण्यार्जकों की अनुमोदना
कार्यक्रम के अंत में मंदिर समिति द्वारा सभी पुण्यार्जक परिवारों को पुरस्कृत कर उनकी धर्म-प्रभावना की सराहना व अनुमोदना की गई। साथ ही भगवान श्री पाश्र्वनाथ जी से सभी के सुखए शांति और समृद्धि की मंगलकामना की गई। इस अवसर पर जैन समाज अध्यक्ष अजय कुमार जैन, उपाध्यक्ष देवचंद जैन, वरिष्ठ समाजसेवी जैन पाल, सुनील जैन सराफ, धन्य कुमार जैन, पवन जैन सह जिला मीडिया प्रभारी, बाबूलाल जैन, मनोज जैन, शिखरचंद जैन, राजेंद्र कुमार जैन, संतोष जैन, श्रीपाल जैन, देवेंद्र जैन, अनिल जैन, राजेश जैन, मुकेश जैन, अरविंद कुमार जैन, दिलीप कुमार जैन, अंकित जैन सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं मातृशक्ति मौजूद रही।


