#Sehore, सीहोर। प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी शहर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित श्री हनुमान मंदिर प्रांगण में नवरात्र उत्सव धूमधाम और भव्य रूप से मनाया जाएगा। आयोजन को सुचारु एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए रविवार शाम को मंदिर परिसर में कॉलोनी वासियों और समिति के सदस्यों की एक विशेष बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक बीपी दुबे ने की। कार्यक्रम की शुरुआत मां दुर्गा और हनुमान जी के स्मरण के साथ हुई। बैठक में सर्वसम्मति से पिछले वर्ष आयोजित किए गए नवरात्र उत्सव के आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया, जिसे सभी उपस्थित सदस्यों ने सहर्ष स्वीकृति दी। तत्पश्चात आगामी नवरात्र पर्व को और अधिक भव्य बनाने के उद्देश्य से सर्वसम्मति से नई मां दुर्गा उत्सव समिति की घोषणा की गई। नवगठित समिति में जीएस गुप्ता को अध्यक्ष बनाया गया, जबकि उपाध्यक्ष मनोज गुजराती, कोषाध्यक्ष स्वतंत्र पाठक एवं दीपक दुबे, सचिव एडवोकेट मनोज सक्सेना नियुक्ति हुए।
पांच दिवसीय गरबा महोत्सव
बैठक के दौरान नवरात्र के नौ दिनों में आयोजित होने वाले धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। इस बार कॉलोनी वासियों और बच्चों के लिए पांच दिवसीय भव्य गरबा महोत्सव और एकल नृत्य सोलो डांस प्रतियोगिता का विशेष आयोजन किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए अलग से सांस्कृतिक समिति बनाई गई है, जिसकी कमान नरेंद्र शर्मा को सौंपी गई है। इसके साथ ही महाप्रसाद एवं भंडारे की व्यवस्था के लिए एक भंडारा समिति का भी अलग से गठन किया गया है, जिसमें विभिन्न सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
बड़ी संख्या में उपस्थित रहे कॉलोनी वासी
बैठक का संचालन अरुण व्यास द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी नागरिकों और सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए वरिष्ठ साहित्यकार हरिओम शर्मा दाऊ ने सभी से नवरात्र उत्सव में बढ़-चढक़र भाग लेने और सहयोग करने की अपील की। इस अवसर पर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के बड़ी संख्या में वरिष्ठ जन, युवा और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बैठक का समापन जय माता दी के जयकारों के साथ हुआ।


