सीहोर। शहर के गल्ला मंडी माता मंदिर चौराहा स्थित एनके एंटरप्राइजेज नामक जूते-चप्पलों की दो मंजिला थोक दुकान में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में लगभग 6 लाख रुपये से अधिक के जूते-चप्पल, नया स्टॉक और फर्नीचर जलकर खाक हो गया। आज शनिवार विधायक सुदेश राय ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पीडि़त व्यापारी को शासन-प्रशासन तथा बीमा कंपनी से हर संभव आर्थिक सहायता दिलाने का मजबूत भरोसा दिया।

शनिवार को विधायक सुदेश राय ने गल्ला मंडी पहुंचकर प्रभावित दुकान का निरीक्षण किया। उन्होंने पीडि़त दुकानदार नितिन साहू, श्लोक शिवहरे से मुलाकात कर घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। विधायक राय ने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि नुकसान का आकलन कर राहत प्रक्रिया शुरू की जाए।
विधायक ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है। संकट की इस घड़ी में हम पीडि़त परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। दुकान संचालक को शासन-प्रशासन के नियमानुसार राहत राशि प्रदान कराई जाएगी और बीमा कंपनी से क्लेम दिलवाने के लिए भी पूरा सहयोग किया जाएगा। इस दौरान पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सीताराम यादव, मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति, सुशील ताम्रकार, मनीष तिवारी, जयंत शाह, वरुण गौर, नीरज साहू और दीपक अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।


