गणगौर की भक्ति में डूबा अग्रवाल महिला मंडल, सोलह श्रृंगार कर रैंप वॉक पर इठलाईं बहू-बेटियां

17 sehore photo 16

Sehore News : सीहोर। शहर में गणगौर पर्व की धूम मची हुई है। अग्रवाल महिला मंडल द्वारा परंपरागत रूप से मनाए जा रहे इस उत्सव के अंतर्गत मंगलवार को विभिन्न रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। भक्ति और उल्लास के इस संगम में समाज की महिलाओं ने बढ़ चढक़र हिस्सा लिया और ईशर-गौरा की उपासना की।
उत्सव की कड़ी में आज मंगलवार को गणगौर माता का भव्य स्वागत हेमा अग्रवाल के निवास पर किया गया। यहां बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं एकत्रित हुईं। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं की गोट (भोज एवं मिलन समारोह) का आयोजन भी हुआ, जिसमें उत्साह का माहौल रहा।
रैंप वॉक और सोलह श्रृंगार प्रतियोगिता
धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ महिलाओं के लिए मनोरंजक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। सोलह श्रृंगार कर पहुंचीं समाज की बहू-बेटियों ने रैंप वॉक किया, जिसमें उनका उत्साह देखते ही बन रहा था। इसके अलावा कई तरह के गेम्स और रोचक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिसमें विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
पारंपरिक गीतों पर दिए ‘झाले’
गणगौर पूजन के दौरान महिलाओं ने ईशर-गौरा के पारंपरिक लोकगीत गाए और विधि-विधान से ‘झाले’ दिए। ढोल-धमाकों की थाप पर महिलाएं अग्रवाल पंचायती भवन से गणगौर लेकर निकलीं। पूरा मार्ग माता के जयकारों से गूंज उठा।
कल जगदीश मंदिर में होगा स्वागत
अग्रवाल महिला मंडल की अध्यक्ष रुक्मणी रोहिला ने बताया कि बुधवार को गणगौर माता का स्वागत तारा अग्रवाल द्वारा किया जाएगा। यह भव्य आयोजन सब्जी मंडी स्थित जगदीश मंदिर पर रखा गया है। इसके पश्चात 19 मार्च को सिंजारा पर्व मनाया जाएगा, जिसमें गांधी पार्क तक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस दिन स्वर्णकार समाज के सहयोग से गाजे-बाजे के साथ गणगौर निकाली जाएगी।
इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर प्रेमलता रूठिया, तारा अग्रवाल, मोहिनी अग्रवाल, हेमा अग्रवाल, मालती अग्रवाल, संध्या मोदी, मंजू भारतीय, ज्योति रूठिया, मधु गोयल और ममता पितलिया सहित बड़ीसंख्या में मंडल की सदस्य उपस्थित रहीं।