सीहोर। कुबेरेश्वर धाम में कल 14 फरवरी से शुरू होने वाले रुद्राक्ष महोत्सव और पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा को लेकर इस बार नजारा कुछ बदला हुआ है। आयोजन की भव्यता और भीड़ के दावों के बीच जमीनी व्यवस्थाओं को संभालने में विठ्ठलेश सेवा समिति के मुकाबले जिला प्रशासन और पुलिस कहीं ज्यादा मुस्तैद और सक्रिय नजर आ रहे हैं।
आयोजन की सफलता का पूरा दारोमदार इस बार प्रशासन के कंधों पर टिका दिख रहा है। जहां विठ्ठलेश सेवा समिति की ओर से महज 1200 सेवादारों की टीम तैनात करने का दावा किया जा रहा है, वहीं पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए 2000 से ज्यादा जवानों का भारी-भरकम बल मैदान में उतार दिया है। इसमें भोपाल, उज्जैन, देवास और शाजापुर जैसे पड़ोसी जिलों से बुलाया गया अतिरिक्त बल भी शामिल है।
प्रशासन ने संभाली कमान
बीते वर्षों के कड़वे अनुभवों से सबक लेते हुए इस बार एसपी दीपक कुमार शुक्ला और कलेक्टर बालागुरु के. ने खुद कमान संभाली है। समिति के भरोसे बैठने के बजाय प्रशासन ने खुद की हाईटेक निगरानी प्रणाली विकसित की है। चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरे, हाईवे को जाम मुक्त रखने के लिए क्रेन, गैस कटर और मैकेनिकों की तैनाती प्रशासन ने अपने स्तर पर की है।


