कांग्रेस जिलाध्यक्ष की आपत्ति पर बदला बीजेपी जिलाध्यक्ष की पीसी का ठिकाना

सीहोर। जिला पंचायत के मीटिंग हॉल में भारतीय जनता पार्टी की प्रेस वार्ता आयोजित किए जाने के निर्णय पर कांग्रेस के विरोध के बाद जिले की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती की आपत्ति के बाद बीजेपी को अपनी पत्रकार वार्ता का स्थान बदलना पड़ा।
बता दें बीजेपी प्रवक्ता प्रतेश राठौर द्वारा जारी शुरुआती सूचना के अनुसार यह पीसी जिला पंचायत के मीटिंग हॉल में दोपहर 2 बजे आयोजित होनी थी, जिसे बीजेपी जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा और जिला पंचायत अध्यक्ष रचना सुरेंद्र मेवाड़ा संबोधित करने वाले थे।
इसकी जानकारी सामने आते ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने ऐतराज जताया। राजीव गुजराती ने सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक दलों को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है, लेकिन किसी शासकीय संस्थान के मीटिंग रूम का उपयोग राजनीतिक दल के आयोजन के लिए कैसे किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के आला अधिकारियों को भी इस आयोजन की पूर्व सूचना नहीं थी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने प्रशासन से निष्पक्षता और पारदर्शिता की मांग करते हुए 3 प्रमुख सवाल दागे….

  • – जिला पंचायत के मीटिंग कक्ष में राजनीतिक पीसी की अनुमति किसने दी।
  • – क्या इसके लिए कोई विधिवत अनुमति ली गई थी।
  • – यदि अनुमति थी तो उसे सार्वजनिक क्यों नहीं किया गया।

बीजेपी का पलटवार, कांग्रेस का काम सिर्फ झूठ बोलना
आपत्ति और स्थान परिवर्तन के बाद बीजेपी जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा की मौजूदगी में यह प्रेस वार्ता जिला पंचायत के बजाय बीजेपी के जिला कार्यालय में आयोजित की गई। विवाद और स्थान बदलने पर बीजेपी जिला मीडिया प्रभारी प्रीतेश राठौर ने बताया कि जिला पंचायत सभागार में समय पर टीएल की बैठक और एक कार्यशाला प्रस्तावित थी। हॉल खाली न होने के कारण अंतिम समय पर प्रेस वार्ता का स्थान बदलकर पार्टी कार्यालय किया गया।
साथ ही बीजेपी प्रवक्ता ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस एसआईआर को लेकर जनता में भ्रम फैला रही है और उसका काम केवल झूठ बोलना है।