इछावर पर प्रदेश अध्यक्ष की नजर..

16

Sehore News: सीहोर। कहने को तो साल 2028 के विधानसभा चुनाव में अभी करीब ढाई साल का लंबा समय बाकी हैए लेकिन सियासत के धुरंधरों ने अपनी गोटियां फिट करना शुरू कर दिया है। अंदर की खबर है कि एक प्रमुख राजनैतिक दल के कद्दावर प्रदेश अध्यक्ष की नजरें इस बार सीहोर जिले की सबसे सुरक्षित और वीआईपी सीट इछावर पर टिक गई हैं। बड़े साहब इस सीट के मजबूत समीकरणों को देखते हुए इसे अपने लिए सबसे मुफीद मान रहे हैं और अंदर ही अंदर चुनावी बिसात बिछाई जाने लगी है।
बता दें इछावर विधानसभा को राजनीतिक रूप से बेहद खास माना जाता है। साल 2023 के चुनाव तक यहां की परंपरा रही है कि एक विशेष समाज का एकतरफा और मजबूत वोट बैंक ही जीत का रुख तय करता आया है। चूंकि इस पारंपरिक वोट बैंक पर पार्टी और खुद प्रदेश अध्यक्ष की जबरदस्त पकड़ मानी जाती है, इसलिए उनके मैदान में उतरने से सारे समीकरण सीधे उनके पक्ष में झुक जाएंगे।
माना जा रहा है कि सोशल मीडिया के दौर में अन्य जातियां भी अब संगठित हो रही हैं, जिससे चुनाव और अधिक दिलचस्प हो जाएगा, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष का अपना कद, संगठन पर मजबूत पकड़ और समाज विशेष का पारंपरिक दबदबा इस सीट को उनके लिए अभेद्य किला बनाता है। बहरहाल, अभी तो विधानसभा चुनाव में ढाई का समय शेष है।