#Sehore, सीहोर। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य और क्षेत्र के वरिष्ठ नेता जसपाल सिंह अरोरा ने स्थानीय राजनीति और आगामी चुनावों को लेकर चल रही चर्चाओं पर बड़ा बयान दिया है। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि सीहोर के वर्तमान विधायक सुदेश राय और नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर बहुत बेहतरीन काम कर रहे हैं, ऐसे में उन्हें बदलने का कोई औचित्य या कारण ही नहीं बनता।
अरोरा ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम को दूर करते हुए कहा मैं पिछले 35 सालों से राजनीति में लगातार सक्रिय हूं और कभी घर नहीं बैठा। लेकिन आज मैं यह बात पूरी तरह साफ कर देना चाहता हूं कि न तो मुझे नगर पालिका अध्यक्ष बनना है और न ही विधायक बनने की मेरी कोई इच्छा है। जो लोग इस तरह की अफवाहें या गलतफहमी फैला रहे हैं, उनका भ्रम आज दूर हो जाना चाहिए।
पार्टी ने मुझे बड़ा पद दिया
अपनी पुरानी उपलब्धियों और पार्टी में अपनी भूमिका पर बात करते हुए जसपाल सिंह अरोरा ने कहा कि वे खुद नगर पालिका अध्यक्ष रह चुके हैं, उनकी पत्नी अमिता अरोरा भी इस पद को संभाल चुकी हैं। वे जिला पंचायत अध्यक्ष रहे और उन्हें राज्यमंत्री का दर्जा भी मिला। उन्होंने कहा हम तीन-तीन बार जिला पंचायत और जनपद जीत चुके हैं। यह कोई मेरी बाप की बपौती नहीं है कि मैं हमेशा इसी पद में लगा रहूंगा। पार्टी ने मुझे अब प्रदेश कार्यसमिति का इतना बड़ा पद दिया है, जिसमें मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष जैसे वरिष्ठ नेता शामिल हैं। पार्टी ने मुझे जिस सम्मान से नवाजा है, मैं उस पद की पूरी गरिमा और लाज रखूंगा।
पार्टी जिसे भी टिकट देगी उसके लिए काम करुंगा
आगामी चुनावों में प्रत्याशी के चयन पर अरोरा ने साफ किया कि भारतीय जनता पार्टी जिस भी कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाएगी और टिकट देगी, वे पूरी निष्ठा के साथ उसका काम करेंगे। उन्होंने दोहराया कि वर्तमान विधायक सुदेश राय और नपाध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर अपने-अपने क्षेत्रों में बहुत अच्छा काम कर रहे हैं, इसलिए टिकट बदलने या किसी और को देने जैसी बातों का कोई आधार नहीं है। गौरतलब है कि जसपाल सिंह अरोरा सीहोर विधानसभा क्षेत्र के बेहद असरदार और बड़े नेताओं में गिने जाते हैं।


