Sehore: रात 8.35 बजे अचानक मंडी थाने पहुंची एसपी सक्सेना…

20 sehore photo 05

Sehore News: सीहोर। पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने मंगलवार की रात ठीक 8.35 बजे अचानक थाना मंडी पहुंचकर सबको चौंका दिया। आम तौर पर दिन में होने वाले निरीक्षणों से अलग, रात के समय एसपी के इस औचक दौरे से थाने के पूरे स्टाफ में हडक़ंप और खलबली मच गई। मुस्तैदी परखने निकली पुलिस कप्तान ने न सिर्फ अधिकारियों की क्लास ली, बल्कि पेंडिंग मामलों और सालों से परिसर में सड़ रहे जब्त वाहनों के जल्द निपटारे के सख्त निर्देश भी दिए।
रात 8.35 बजे जब अमूमन थानों में रूटीन काम चल रहा होता है, तब अचानक एसपी की गाड़ी मंडी थाने के सामने रुकी। एसपी श्रीमती सक्सेना सीधे थाने के भीतर दाखिल हुईं और रोजनामचा से लेकर केस डायरियों का अवलोकन शुरू कर दिया। उन्होंने थाने में लंबे समय से अटके हुए अपराधों, कोर्ट में पेश होने वाले चालानों और मालखानों में रखे सामान की स्थिति की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने जांच अधिकारियों से एक-एक कर मामले लंबित रहने के कारणों को पूछा और कड़ी हिदायत दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान पुलिस कप्तान के 3 कड़े निर्देश
पेंडिंग केस तुरंत कोर्ट भेजें: एसपी ने अपराधों और चालानों के पेंडिंग होने के कारणों को व्यक्तिगत रूप से देखा। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन मामलों में जांच पूरी हो चुकी है, उनकी सभी जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर केस डायरियां जल्द से जल्द कोर्ट भेजी जाएं।
कबाड़ हो रहे वाहनों की होगी नीलामी: थाना परिसर में सालों से खड़े और कानूनी उलझनों में फंसे जब्त वाहनों की दुर्दशा पर एसपी ने नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि नियमानुसार कोर्ट से अनुमति लेकर इन वाहनों की नीलामी या सुपुर्दगी की वैधानिक कार्रवाई तुरंत शुरू करें, ताकि थाना परिसर साफ सुथरा दिखे।
लॉकअप और स्वच्छता का जायजा: रात के दौरे में एसपी ने मालखाना, हवालात और कार्यालयीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने रिकॉर्ड को सुव्यवस्थित ढंग से रखने तथा पूरे थाना परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए।
संवेदनशीलता की दी नसीहत
रात के इस अचानक निरीक्षण की सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदन शर्मा और मंडी थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील मेहर सहित थाने का अन्य अधीनस्थ स्टाफ भी मौके पर मुस्तैद हो गया।
निरीक्षण के अंत में एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने थाने में मौजूद सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने रात के समय भी अलर्ट रहकर ड्यूटी करने वाले जवानों का मनोबल बढ़ाया। साथ ही साफ शब्दों में हिदायत दी कि थाने आने वाले हर फरियादी और जनता की शिकायतों पर पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्रवाई की जाए।