Sehore: पोस्टर में सांसद शर्मा, लोकार्पण किया पालक मंत्री ने…

26 sehore photo 06

Sehore News : सीहोर। शहर के मंडी वर्कशॉप रोड पर निर्मित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण आखिरकार गुरुवार को संपन्न हो गया, लेकिन यह कार्यक्रम विकास से ज्यादा चर्चाओं और प्रोटोकॉल के फेरबदल के कारण सुर्खियों में आ गया। सोशल मीडिया पर प्रसारित जानकारी के उलट इस उपकेंद्र का लोकार्पण सांसद आलोक शर्मा के स्थान पर जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर के कर-कमलों द्वारा किया गया।
दरअसल एक दिन पहले स्थानीय जनप्रतिनिधियों और उनके समर्थकों द्वारा सोशल मीडिया पर लोकार्पण कार्यक्रम के जो पोस्टर और आमंत्रण साझा किए गए थे, उनमें विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद आलोक शर्मा, कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक सुदेश राय और अतिथि के रूप में विकास प्रिंस राठौर का नाम शामिल था, लेकिन लोकार्पण के समय स्थिति पूरी तरह बदल गई और कमान प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर ने संभाली।
लो-वोल्टेज से मिलेगी मुक्ति
भले ही लोकार्पण के चेहरों को लेकर राजनीति गरमाई रही, लेकिन यह प्रोजेक्ट क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। 2.79 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से तैयार इस विद्युत उपकेंद्र के शुरू होने से मंडी वर्कशॉप रोड और आसपास के हजारों उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी। क्षेत्र के रहवासी लंबे समय से लो-वोल्टेज और बार-बार होने वाली बिजली ट्रिपिंग की समस्या से परेशान थे। इस नए उपकेंद्र के सक्रिय होने से अब निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी और तकनीकी खामियों के कारण होने वाली कटौती से निजात मिलेगी।