Sehore: छुट्टी के दिन महिला मित्रों के साथ ऑफिस पहुंचे साहब…

30 sehore photo 11

Sehore News: सीहोर। जिला मुख्यालय पर एक अधिकारी की कार्यशैली इन दिनों शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है। खुद को ईमानदार और कार्य के प्रति समर्पित दिखाने वाले इन साहब का एक अनोखा कारनामा सोमवार को सामने आया, जब कलेक्टर द्वारा घोषित सार्वजनिक अवकाश के बावजूद वे अपने कार्यालय पहुंचे। ताज्जुब की बात यह रही कि साहब अकेले नहीं, बल्कि भोपाल से अपनी महिला मित्रों के साथ दफ्तर की फाइलों के बीच समय बिताने आए थे।
बता दें सोमवार को महावीर जयंती के उपलक्ष्य में जिला कलेक्टर बालागुरु के. ने पूरे जिले में शासकीय अवकाश घोषित किया था। सभी सरकारी दफ्तरों में ताले लटके थे, लेकिन इन कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के लिए नियम शायद अलग थे। बताया जा रहा है कि साहब विशेष रूप से अपनी महिला मित्रों को लेकर भोपाल से सीहोर कार्यालय पहुंचे।
लंबे समय से जारी है यह सिलसिला
सूत्रों की मानें तो साहब का यह रवैया नया नहीं है। कार्यालय में अवकाश के दिनों या सामान्य कार्यदिवसों के बाद भी इस तरह की गतिविधियां लंबे समय से जारी हैं। विभाग के अधिकांश कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को साहब की इन खास मुलाकातों की जानकारी है, लेकिन साहब के रसूख के आगे फिलहाल सब मौन हैं।
बड़े साहब की जानकारी से अब तक ओझल!
हैरानी की बात यह है कि जिले के बड़े साहब को शायद इस मामले की कानों-कान खबर नहीं है। यही कारण है कि शिकायतों और दबी जुबान में हो रही चर्चाओं के बावजूद अब तक साहब पर कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं हो सकी है। सवाल यह उठता है कि क्या सरकारी कार्यालयों का उपयोग निजी मुलाकातों और पर्यटन के लिए किया जा सकता है और वो भी तब, जब प्रशासन ने आधिकारिक छुट्टी घोषित की हो।