Sehore News: सीहोर। मण्डी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चोरी की एक बड़ी वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर चोरी गया टाटा 407 ट्रक और उसमें भरा लाखों का सामान बरामद कर लिया है। बरामद किए गए माल और वाहन की कुल कीमत लगभग 10 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार मुगीसपुर निवासी युसुफ खान ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका टाटा कंपनी का वाहन जिसे चालक अजहर चलाता है 29 मार्च को अहमदाबाद से सामान लेकर लौटा था। चालक ने ट्रक को इंदौर रोड स्थित गुलशेर होटल के सामने खड़ा किया और घर चला गया। अगले दिन सुबह जब वह वापस आया तो ट्रक वहां से गायब था। काफी तलाश के बाद भी जब ट्रक नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। मण्डी पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत और नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील मेहर और उनकी टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली। मुखबिरों से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की और चोरी गया ट्रक मय गृहस्थी के सामान के सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस अब इस मामले में संलिप्त आरोपियों की तलाश और उनके पिछले आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।


