Sehore: उज्जैन में सुकून के दिन बिता रहा था दुष्कर्मी…

05 sehore photo 12

Sehore News: सीहोर। कोतवाली पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में पिछले डेढ़ साल से फार चल रहे दो हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था, जिसे पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी सहायता की मदद से उज्जैन जिले के घटिया क्षेत्र से धर दबोचा।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 13 मार्च 2025 को एक फरियादी ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला फुसलाकर अपहरण कर ले गया है। इस शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
गुजरात से मिली थी पीडि़ता
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की और घटना के महज एक हफ्ते के भीतर यानी 20 मार्च 2025 को अपहृत नाबालिग बालिका को गुजरात के नांदेन से सकुशल बरामद कर लिया था। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौका पाकर वहां से भागने में सफल रहा था। इसके बाद पीडि़ता के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले में दुष्कर्म की संगीन धाराओं का इजाफा किया गया था।
विशेष टीम का किया गठन
लंबे समय से फरार चल रहे इस शातिर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने कड़े निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत एवं नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रवींद्र यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
उज्जैन पुलिस के सहयोग से मिली सफलता
विशेष टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी और अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। आखिरकार तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस को आरोपी की सटीक लोकेशन उज्जैन के घटिया जिले में मिली। सीहोर पुलिस ने उज्जैन की स्थानीय घटिया थाना पुलिस के साथ मिलकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी पिंटू उर्फ अरविंद मालवीय 26 वर्ष निवासी ग्राम भंवरा थाना आष्टा का है।